Nitish की 10वीं कैबिनेट में अमीरी का बोलबाला, मंत्रिमंडल में 22 करोड़पति, सबसे अमीर मंत्री बनीं रमा निषाद

बिहार की नई नीतीश कैबिनेट में शामिल मंत्रियों की संपत्ति का विवरण सामने आया है, जिसमें मुजफ्फरपुर की औराई सीट से बीजेपी विधायक रमा निषाद सबसे अमीर मंत्री के रूप में उभरी हैं। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके पास 31 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो उन्हें राज्य मंत्रिमंडल में शीर्ष स्थान पर रखती है। दूसरे स्थान पर बीजेपी के ही विजय कुमार सिन्हा हैं, जिनकी कुल संपत्ति 11 करोड़ 62 लाख रुपये बताई गई है।

करोड़पतियों से भरा मंत्रिमंडल

गुरुवार 20 नवंबर को गठित इस कैबिनेट में शामिल 26 मंत्रियों में से 22 करोड़पति हैं, जिसने एक बार फिर राजनीति और संपत्ति के गहरे संबंधों पर चर्चा शुरू करा दी है। बखरी के विधायक संजय पासवान कैबिनेट में सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री हैं, जिनके पास सिर्फ 22 लाख रुपये हैं। वहीं दीपक प्रकाश के संपत्ति विवरण उपलब्ध न होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घटती संपत्ति

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संपत्ति में पिछले वर्षों की तुलना में गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में उनके पास चल-अचल मिलाकर कुल 1.64 करोड़ रुपये की संपत्ति है। 2015 में उन्होंने 2 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी, जो अब कम हो गई है। 20 वर्षों से सत्ता की कमान संभाल रहे नीतीश आज भी बाकी मंत्रियों की तुलना में साधारण आर्थिक स्थिति वाले नेताओं में गिने जाते हैं।

उपमुख्यमंत्रियों और अन्य मंत्रियों की संपत्ति

सरकार में दो उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी दोनों ही 11 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं। विजय सिन्हा ने 11.62 करोड़ की जबकि सम्राट ने 11.34 करोड़ की संपत्ति का खुलासा किया है। बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की संपत्ति करीब 9 करोड़ रुपये है। पार्टी कोटे से मंत्रियों मंगल पांडे और नितिन नवीन के पास 3-3 करोड़ रुपये की संपत्ति है। जेडीयू के सुनील कुमार, श्रवण कुमार, विजय चौधरी और लेसी सिंह की संपत्ति 2 से 5 करोड़ के बीच है। जमुई की विधायक और शूटिंग स्टार श्रेयसी सिंह के पास 7 करोड़ रुपये होने की जानकारी दी गई है।

राजनीतिक परिवारों को मिली बड़ी जगह

इस कैबिनेट की सबसे बड़ी विशेषता है कि इसमें कई राजनीतिक घरानों के बेटे-बेटियों को प्रमुख स्थान दिया गया है। जेडीयू नेता महावीर चौधरी के बेटे अशोक चौधरी, दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह और नवीन प्रसाद के बेटे नितिन नवीन को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। इसके अलावा जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन और उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश भी मंत्री बनाए गए हैं। वहीं पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद भी कैबिनेट का हिस्सा बनी हैं।

नई कैबिनेट में दलों का संतुलन

दसवीं बार मुख्यमंत्री बनने वाले नीतीश कुमार ने इस बार 26 सदस्यों की नई कैबिनेट बनाई है। इसमें बीजेपी कोटे से 14, जेडीयू से 8, लोजपा (आर) से 2 जबकि रालोमा और हम से 1-1 मंत्री शामिल किए गए हैं। इस नए संयोजन से सरकार का राजनीतिक संतुलन तो मजबूत हुआ ही है, साथ ही यह कैबिनेट पहले से अधिक विविध और प्रभावशाली भी नजर आ रही है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra