Pune-Mangaon Road पर मौत का मोड़, 500 फुट खाई में गिरी थार, 6 दोस्तों की मौत

महाराष्ट्र के पुणे–माणगांव मार्ग पर स्थित ताम्हिनी घाट में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। यहां एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर करीब 500 फुट गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी युवक कोंकण घूमने के लिए निकले थे, लेकिन लौटकर घर नहीं पहुंचे। घटना रायगढ़ जिले के माणगांव के पास ताम्हिनी घाट क्षेत्र की है, जहां सड़क की तीखे मोड़ों और घने अंधेरे में संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

युवकों से संपर्क न होने पर शुरू हुई तलाश

जानकारी के अनुसार, सभी युवक पुणे के खड़कवासला–उत्तम नगर इलाके के रहने वाले थे और सोमवार की रात घूमने के इरादे से घर से निकले थे। मंगलवार सुबह से ही उनके फोन बंद आ रहे थे और परिवारजन लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। पूरे दिन कोई बातचीत न होने पर परिजनों ने पुणे और माणगांव पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने युवकों की मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की, जिससे पता चला कि उनकी आखिरी लोकेशन ताम्हिनी घाट में दर्ज हुई थी।

सुबह चला खोज अभियान और मिली दर्दनाक खबर

बुधवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस और बचाव दल ने मिलकर ड्रोन और रस्सियों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। एसवीआरएसएस, शेलार मामा रेस्क्यू टीम और आरईक्यू रेस्क्यू टीम की मदद से खाई की तलाश की गई। कुछ देर बाद घाटी में नीचे एक थार कार (MH 14 HW 7575) दिखाई दी, जो गहरी खाई में टूटे हुए हाल में पड़ी थी। जांच करने पर पुष्टि हुई कि इसी कार में सवार सभी छह युवकों की मौत हो चुकी है। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि बचावकर्मियों को शव निकालने में भी भारी मशक्कत करनी पड़ी।

पहचान होने के बाद बढ़ा मातम

मृतकों की पहचान साहिल साधु गोटे (24), शिव अरुण माने (19), ओंकार सुनील कोली (18), महादेव कोली (18), प्रथम रावजी चव्हाण (24) और पुनीत सुधाकर शेट्टी (20) के रूप में हुई है। सभी युवक 18 से 25 वर्ष की उम्र के थे। जैसे ही सूचना उनके परिवारों तक पहुंची, पूरे उत्तमनगर क्षेत्र में मातम छा गया। परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच शोक और अविश्वास का माहौल है, क्योंकि किसी ने सोच भी नहीं था कि एक सामान्य घूमने का प्लान ऐसी त्रासदी में बदल जाएगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, रात के अंधेरे और घाट के तीखे मोड़ों के चलते वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि पहाड़ी और घाट क्षेत्रों में ड्राइविंग के दौरान अतिरिक्त सतर्कता कितनी आवश्यक है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra