Winter में गर्म पानी से बाल धोना बन सकता है मुसीबत, भूलकर भी न करें ये हेयर वॉश मिस्टेक!

ठंड का मौसम आते ही हमारे खानपान से लेकर कपड़े पहनने और नहाने तक के तरीके बदल जाते हैं. सर्दी में ज्यादातर लोग ठंड से बचने के लिए गर्म पानी से नहाना और बाल धोना पसंद करते हैं. गर्म पानी से शरीर को राहत तो मिलती है, लेकिन अगर इसका तापमान ज्यादा हो, तो यह आपकी स्किन और बाल दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. यही कारण है कि हेल्थ एक्सपर्ट हमेशा गुनगुने पानी से नहाने और बाल धोने की सलाह देते हैं.

गर्म पानी से बालों को होता है नुकसान

एक्सपर्ट्स का कहना है कि बहुत गर्म पानी से बार-बार बाल धोने से स्कैल्प का नेचुरल ऑयल यानी सेबम खत्म हो जाता है. इस वजह से बाल ड्राई, रूखे और कमजोर होने लगते हैं. दिल्ली के श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट के सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. विजय सिंघल के मुताबिक, गर्म पानी बालों की नमी को छीन लेता है, जिससे हेयर फॉल और डैंड्रफ जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. इसके अलावा, जिन लोगों ने बालों को कलर कराया होता है, उनके लिए यह और भी नुकसानदायक साबित होता है क्योंकि गर्म पानी से कलर जल्दी फीका पड़ जाता है.

ड्राइनेस और डैंड्रफ की बढ़ती समस्या

जब बालों और स्कैल्प की नमी खत्म हो जाती है, तो सिर में खुजली, जलन और रूखापन महसूस होने लगता है. स्कैल्प का सूखापन बढ़ने से डैंड्रफ की समस्या भी गंभीर हो सकती है. गर्म पानी से नहाना भले ही सुकून देता हो, लेकिन यह लंबे समय में बालों की सेहत खराब कर देता है. इसलिए सर्दियों में पानी के तापमान को कंट्रोल करना बेहद जरूरी है.

बालों की सुरक्षा के लिए एक्सपर्ट टिप्स

अगर आप बालों को हेल्दी और चमकदार रखना चाहते हैं, तो गर्म पानी की जगह हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. बाल धोने के लिए माइल्ड शैंपू और कंडीशनर का उपयोग करें और तौलिये से बालों को जोर-जोर से रगड़ने की बजाय धीरे-धीरे सुखाएं. हफ्ते में एक-दो बार ही हेयर वॉश करें और धोने से पहले हल्का तेल जरूर लगाएं. इससे बालों में नमी और नेचुरल शाइन बनी रहती है.

बालों की केयर में छोटी बातें, बड़ा फर्क

सर्दियों में बालों की खास देखभाल जरूरी है क्योंकि ठंडी हवा और गर्म पानी दोनों मिलकर नुकसान पहुंचाते हैं. इसलिए हेयर वॉश से पहले ऑयलिंग करें, गुनगुना पानी इस्तेमाल करें और अपनी हेयर टाइप के अनुसार प्रोडक्ट चुनें. अगर बालों में ज्यादा ड्राइनेस या खुजली हो, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें. सही देखभाल से सर्दी में भी बाल सॉफ्ट, मजबूत और शाइनी बने रह सकते हैं.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post