इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले खिलाड़ियों की किस्मत एक बार फिर ऑक्शन टेबल पर तय होगी। इस बार मिनी ऑक्शन होने जा रहा है, जिसे लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बड़ा फैसला लिया है। खास बात यह है कि यह ऑक्शन भारत में नहीं, बल्कि विदेश में आयोजित होगा। लगातार तीसरी बार आईपीएल का ऑक्शन देश से बाहर होगा। इससे पहले 2023 में दुबई और 2024 में सऊदी अरब के जेद्दा में यह आयोजन हो चुका है।
अबू धाबी बनेगा ऑक्शन का नया ठिकाना
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने इस बार आईपीएल 2026 के ऑक्शन के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी को चुना है। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि “अबू धाबी को ऑक्शन वेन्यू के रूप में अंतिम रूप दिया गया है।” पिछले साल सऊदी अरब में हुए मेगा ऑक्शन के बाद इस बार मिनी ऑक्शन देखने को मिलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह आयोजन 15 या 16 दिसंबर 2025 को होने की संभावना है।
फैंस में बढ़ा उत्साह, ट्रेड विंडो खुली
आईपीएल ऑक्शन हमेशा से ही क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच का केंद्र रहा है। हर साल फैंस को यह देखने की उत्सुकता रहती है कि उनकी पसंदीदा टीम किन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करती है। ऑक्शन से पहले ट्रेड विंडो खुली हुई है, जिसके तहत टीमें आपस में खिलाड़ियों की अदला-बदली कर सकती हैं। हालांकि, यह विंडो ऑक्शन से ठीक सात दिन पहले बंद कर दी जाएगी।
ट्रेड विंडो में संभावित बड़ा बदलाव
ऑक्शन से पहले ही टीमों में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक बड़ी डील लगभग तय मानी जा रही है। खबरों के मुताबिक, संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो सकते हैं, जबकि रवींद्र जडेजा और सैम करन राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बन सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह आईपीएल इतिहास की सबसे दिलचस्प ट्रेड डील में से एक होगी।
टीमें कर रहीं रणनीति तैयार
ट्रेड विंडो फ्रेंचाइजियों के लिए अपनी टीम को संतुलित करने का सुनहरा मौका होती है। आईपीएल सीजन खत्म होने के सात दिन बाद यह विंडो खुलती है और ऑक्शन से सात दिन पहले बंद हो जाती है। इस अवधि में सभी 10 टीमें अपनी कमजोर कड़ियों को मजबूत करने और आगामी सीजन के लिए नई रणनीति बनाने में जुट जाती हैं। ऐसे में आईपीएल 2026 का ऑक्शन न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि फैंस के लिए भी रोमांच से भरा रहने वाला है।