बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वे आईसीयू में वेंटीलेटर सपोर्ट पर हैं। परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं और लगातार उनकी सेहत पर नज़र रखे हुए हैं। धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से उम्र से जुड़ी कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें सोमवार को तबीयत बिगड़ने के बाद आईसीयू में शिफ्ट किया गया। इससे पहले 31 अक्टूबर को भी वे अस्पताल में भर्ती हुए थे, तब इसे रूटीन चेकअप बताया गया था।
छह दशकों से दर्शकों के दिलों पर राज
धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में से हैं जिन्होंने अपने साढ़े छह दशक लंबे करियर में दर्शकों के दिलों पर राज किया है। उन्होंने रोमांस, एक्शन और कॉमेडी हर शैली में अपनी अदाकारी से अमिट छाप छोड़ी है। ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सत्यकाम’, ‘अनुपमा’, और ‘यादों की बारात’ जैसी फिल्मों से उन्होंने बॉलीवुड को कई यादगार किरदार दिए। अब बढ़ती उम्र में भी वह फिल्मों से दूर नहीं हुए हैं और लगातार अपने काम से जुड़े हुए हैं।
नई फिल्म ‘इक्कीस’ को लेकर चर्चा में
धर्मेंद्र इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ (Ekkis) को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म का निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है, जो थ्रिलर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में धर्मेंद्र के साथ अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। अगस्त्य इसमें 1971 के भारत-पाक युद्ध के हीरो अरुण खेत्रपाल का किरदार निभा रहे हैं, जिन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
धर्मेंद्र निभाएंगे अरुण खेत्रपाल के पिता का किरदार
‘इक्कीस’ में धर्मेंद्र अरुण खेत्रपाल के पिता एम.एल. खेत्रपाल की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे। यह फिल्म अगस्त्य नंदा की पहली थिएट्रिकल रिलीज होगी। इससे पहले वे जोया अख्तर की फिल्म ‘द आर्चीज़’ में नजर आए थे, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।
25 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म
मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के निर्माता दिनेश विजान और बिन्नी पड्डा हैं। धर्मेंद्र को आखिरी बार साल 2024 में शाहिद कपूर और कृति सेनन की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में देखा गया था, जिसमें उनके अभिनय को काफी सराहा गया। अब दर्शक एक बार फिर उनकी झलक देखने को बेताब हैं और सभी उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।