घर में सुख-शांति और सकारात्मकता बनाए रखने के लिए वास्तु शास्त्र का पालन करना बेहद जरूरी माना गया है। वास्तु के अनुसार, हमारी सोने की दिशा से लेकर बिस्तर के पास रखी चीजें तक हमारे जीवन पर असर डालती हैं। खासकर सिरहाने रखी वस्तुएं हमारे मन और घर के माहौल को प्रभावित करती हैं। आइए जानते हैं कि सोते समय किन चीजों को सिरहाने रखना शुभ नहीं माना जाता।
किताबें, अखबार और मैगजीन न रखें
कई लोग पढ़ते-पढ़ते किताबें या अखबार सिरहाने रखकर सो जाते हैं। लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार ऐसा करना अशुभ माना गया है। सिरहाने किताबें रखने से मानसिक बेचैनी और तनाव बढ़ता है। यह नींद की गुणवत्ता को भी प्रभावित करता है। बेहतर होगा कि पढ़ाई या काम के बाद किताबें हमेशा अलग और साफ जगह पर रखी जाएं।
सिरहाने या सामने न रखें आइना
वास्तु में आईने (Mirror) को ऊर्जा परावर्तित करने वाला माना गया है। अगर बिस्तर के सामने या सिरहाने आइना रखा हो, तो यह नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है। इससे वैवाहिक जीवन में तनाव, मतभेद और कलह की संभावना बढ़ सकती है। इसलिए कोशिश करें कि आइना सोने के स्थान से दूर दीवार पर लगाया जाए या उसे कपड़े से ढक दिया जाए।
तेल की बोतल से रहें दूर
सिरहाने तेल की बोतल रखना भी वास्तु दोष माना गया है। यह वस्तु घर में नकारात्मकता, विवाद और मानसिक अस्थिरता को बढ़ाती है। तेल को सदैव रसोई या पूजा घर से दूर, ढंके स्थान पर रखना शुभ होता है।
सिरहाने न रखें पर्स
कई लोग सुरक्षा के लिए पर्स सिरहाने रख देते हैं, लेकिन वास्तु के अनुसार यह आदत आर्थिक परेशानियों को बुला सकती है। माना जाता है कि इससे धन टिकता नहीं और खर्च बढ़ता है। इसलिए पर्स को हमेशा सुरक्षित और पवित्र स्थान जैसे अलमारी या लॉकर में रखें।
जूते-चप्पल रखें दूर
जूते-चप्पल बाहर की धूल और नकारात्मक ऊर्जा अपने साथ लाते हैं। अगर इन्हें सिरहाने या बिस्तर के पास रखा जाए, तो घर में अशांति और मानसिक तनाव बढ़ सकता है। सोने से पहले हमेशा इन्हें दरवाजे के बाहर या जूता-रैक में रखें।
वास्तु शास्त्र कहता है कि हमारी छोटी-छोटी आदतें भी जीवन की ऊर्जा पर असर डालती हैं। इसलिए सोते समय सिरहाने के पास सिर्फ शुद्ध और सकारात्मक चीजें ही रखें, जैसे पानी का गिलास, तांबे का पात्र या भगवान का स्मरण। इससे घर में शांति, सुख और समृद्धि बनी रहती है।