आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने एक बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को दोबारा टीम का कप्तान बनाने का ऐलान किया है। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस पिछले कुछ सीजन से लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रही थी। ऐसे में फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि रोहित की वापसी से टीम की किस्मत बदल सकती है। हालांकि, इस फैसले के पीछे ड्रेसिंग रूम में चल रही खींचतान और खिलाड़ियों के बीच भरोसे की कमी की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।
हार्दिक की कप्तानी में बिगड़ा टीम का माहौल
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 से पहले रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पंड्या को टीम की कमान सौंपी थी। इस फैसले से फैंस के साथ-साथ टीम के अंदर भी नाराजगी की खबरें सामने आई थीं। हार्दिक की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पिछले तीन सीजन में निराशाजनक नतीजों के बाद अब फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर रोहित पर भरोसा जताया है। माना जा रहा है कि इस फैसले से ड्रेसिंग रूम का माहौल बेहतर करने की कोशिश की गई है।
बुमराह को नहीं मिली कप्तानी की जिम्मेदारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस ने नए कप्तान के चयन के दौरान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के नाम पर विचार नहीं किया। वहीं, टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी कप्तानी की दौड़ से बाहर रखा गया। बुमराह को 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था। वह लंबे समय से टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हैं। इसके बावजूद उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई।
बुमराह ने ठुकराया उपकप्तानी का ऑफर
रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर के पहले सप्ताह में मुंबई इंडियंस के शीर्ष अधिकारियों ने जसप्रीत बुमराह को रोहित शर्मा का उपकप्तान बनने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन बुमराह ने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया। खास बात यह है कि मुंबई इंडियंस के पास फिलहाल कोई स्थायी उपकप्तान नहीं है। पिछले सीजन में हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह ने बारी-बारी से टीम की कप्तानी संभाली थी।
14 सीजन से मुंबई के लिए खेल रहे बुमराह
जसप्रीत बुमराह का मुंबई इंडियंस के साथ काफी पुराना रिश्ता है। वह साल 2013 में महज 19 साल की उम्र में इस फ्रेंचाइजी से जुड़े थे। इसके बाद उन्होंने लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से टीम में खास जगह बनाई। अब तक 14 आईपीएल सीजन में वह 187 विकेट हासिल कर चुके हैं। उनकी गेंदबाजी ने मुंबई को कई अहम मुकाबलों में जीत दिलाई है। ऐसे में उपकप्तानी के प्रस्ताव को ठुकराने की खबर ने टीम के भविष्य को लेकर नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं।
क्या IPL 2028 से पहले मुंबई छोड़ेंगे बुमराह?
बुमराह के उपकप्तानी का ऑफर ठुकराने के बाद क्रिकेट जगत में सवाल उठने लगे हैं कि क्या वह मुंबई इंडियंस से खुश नहीं हैं। अब चर्चा यह भी है कि क्या बुमराह आईपीएल 2028 से पहले होने वाले अगले मेगा ऑक्शन में नई टीम की तलाश कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक इस मामले पर न तो जसप्रीत बुमराह और न ही मुंबई इंडियंस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है। ऐसे में उनके टीम छोड़ने की खबरों को फिलहाल अटकलों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।