संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को नए महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की तैयारी है। सरकार का मकसद 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता साफ करना है। कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल सोमवार को संसद में यह विधेयक पेश कर सकते हैं।
लोकसभा में 543 से बढ़कर होंगी 850 सीटें
नए प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 किया जा सकता है। इनमें 835 सीटें राज्यों और 15 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रस्तावित हैं। इसी तरह राज्यों की विधानसभा सीटों में भी 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। विधानसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। सरकार का कहना है कि इससे सभी राज्यों को सीटों के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।
2011 की जनगणना से होगा परिसीमन
नए विधेयक के तहत परिसीमन की प्रक्रिया 2011 की जनगणना को आधार बनाकर पूरी की जाएगी। परिसीमन का मतलब निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों का दोबारा निर्धारण करना है। इसके लिए एक परिसीमन आयोग बनाया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व जज कर सकते हैं। खास बात यह है कि प्रस्ताव के मुताबिक सीटों की संख्या और राज्यों की हिस्सेदारी को 2051 तक स्थिर रखा जाएगा। इससे दक्षिण भारतीय राज्यों की उन चिंताओं को दूर करने की कोशिश है, जिन्हें जनसंख्या के आधार पर सीटें बढ़ने से नुकसान होने का डर है।
महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण
सरकार का दावा है कि नए संशोधन से महिला आरक्षण लागू करने में आने वाली बाधाएं दूर हो जाएंगी। साल 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का प्रावधान है। नए प्रस्ताव में परिसीमन और महिला आरक्षण को एक साथ लागू करने की तैयारी है। महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें रोटेशन के आधार पर तय की जाएंगी। यह आरक्षण 15 साल तक लागू रहेगा, जिसे संसद कानून बनाकर आगे बढ़ा सकती है।
जम्मू-कश्मीर को लेकर भी बड़ा बदलाव
प्रस्तावित संविधान संशोधन में जम्मू-कश्मीर को लेकर भी अहम बदलाव किया गया है। संविधान के अनुच्छेद 54 में संशोधन करके जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में शामिल करने का प्रस्ताव है। इसके तहत वहां के निर्वाचित विधायक भी राष्ट्रपति चुनाव में मतदान कर सकेंगे। इसके अलावा परिसीमन आयोग के अंतिम आदेश को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। मौजूदा लोकसभा और विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने तक सीटों की व्यवस्था में बदलाव नहीं होगा।
विपक्ष की बैठक से बढ़ेगी सियासी हलचल
सरकार ने अगले सप्ताह संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा 2 और 3 दिसंबर को बैठेगी। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी होगा। सूत्रों के मुताबिक, DMK, NCP और BRS जैसे दलों से समर्थन मिलने की उम्मीद है, जबकि इंडिया गठबंधन के विपक्षी दल अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। विपक्ष शनिवार को बैठक करके इस मुद्दे पर चर्चा करेगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार संसद में इस बड़े बदलाव को मंजूरी दिला पाती है या नहीं।