समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसमें युवाओं, महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। सपा ने सत्ता में आने पर बेरोजगारों को आर्थिक मदद, सरकारी नौकरियों में भर्ती और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का भरोसा दिया है।
शिक्षा विभाग में खाली पदों पर भर्ती
अखिलेश यादव ने वादा किया कि शिक्षा विभाग के सभी खाली पदों पर एक साल के भीतर नियुक्तियां की जाएंगी। संविदा नियुक्तियां बंद करने और शिक्षामित्रों का मानदेय 5 हजार रुपये प्रति माह बढ़ाने का भी एलान किया गया। शिक्षामित्रों के नियमितीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही गई है। पार्टी का दावा है कि इससे शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की स्थिति में सुधार होगा।
छात्रों को लैपटॉप और स्कूलों में वाई-फाई
सपा ने 12वीं पास छात्रों के लिए लैपटॉप वितरण योजना दोबारा शुरू करने का वादा किया है। सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पार्टी ने मौजूदा सरकार में बंद हुए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलने और बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाने की घोषणा भी की है। इसके साथ ही नई शिक्षा नीति लागू करने का भी वादा किया गया।
बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये
घोषणापत्र में युवाओं के रोजगार पर खास जोर दिया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि नौकरी मिलने तक ग्रेजुएट युवाओं को 5 हजार रुपये प्रति महीने बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। पार्टी ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने और 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। परीक्षा में अनियमितताओं को रोकने और नौकरी से जुड़े कौशल विकास की व्यवस्था करने का भी वादा किया गया है।
महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन
महिलाओं के लिए सपा ने सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का एलान किया है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम बनाए जाएंगे। पार्टी ने दलित विकास परिषद के गठन की घोषणा की है। वहीं, 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में पीडीए के लिए 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा भी घोषणापत्र में शामिल है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का वादा
सपा ने राज्य स्वास्थ्य नीति लागू करने की बात कही है। सरकारी अस्पतालों में गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने, सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल बनाने और एंबुलेंस सेवाओं को बेहतर करने का वादा किया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।
महंगाई रोकने और सुरक्षा पर जोर
अखिलेश यादव ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने का वादा किया है। इसके लिए दाम बांधो बाजार खोलने की योजना बताई गई, जहां जरूरी सामान तय कीमतों पर मिल सकेगा। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल होगा। माफिया और व्यापारियों के उत्पीड़न को रोकने के लिए डायल 112 के जरिए विशेष निगरानी और तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था करने का भी एलान किया गया।