आज के समय में WhatsApp का इस्तेमाल सिर्फ मोबाइल तक सीमित नहीं रह गया है। ऑफिस के काम से लेकर जरूरी मैसेज भेजने तक लोग कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp Web चलाते हैं। लेकिन अगर आप किसी दूसरे के कंप्यूटर या साइबर कैफे में इसका इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाइए। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने WhatsApp Web यूजर्स के लिए चेतावनी जारी की है। इसमें बताया गया है कि छोटी सी लापरवाही से आपका अकाउंट साइबर अपराधियों के निशाने पर आ सकता है।
WhatsApp Web इस्तेमाल करने में क्या है खतरा?
I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) के मुताबिक, अगर किसी कंप्यूटर में आपका WhatsApp Web लॉगिन रह जाता है तो दूसरा व्यक्ति इसका गलत इस्तेमाल कर सकता है। वह आपके निजी मैसेज पढ़ सकता है और आपके अकाउंट से किसी को भी मैसेज भेज सकता है। इससे आपकी निजी जानकारी दूसरों तक पहुंचने का खतरा भी रहता है।
आपके नाम पर हो सकती है पैसों की ठगी
WhatsApp Web का गलत इस्तेमाल सिर्फ मैसेज पढ़ने तक सीमित नहीं है। कोई साइबर अपराधी आपके अकाउंट से आपके दोस्तों और रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर पैसे मांग सकता है। सामने वाले व्यक्ति को लगेगा कि आप ही उससे मदद मांग रहे हैं। इस तरह आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी की जा सकती है। इसलिए लॉगिन सेशन को लेकर लापरवाही बिल्कुल न करें।
इन जगहों पर WhatsApp Web चलाने से बचें
I4C ने सलाह दी है कि साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर और अनजान लोगों के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचें। खासकर सरकारी, वित्तीय और ऑफिस से जुड़ी संवेदनशील जानकारी ऐसे सिस्टम पर शेयर न करें। अगर किसी मजबूरी में दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना पड़े तो भरोसेमंद सिस्टम और Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करें।
सिर्फ टैब बंद करना नहीं, लॉगआउट भी जरूरी
अक्सर लोग WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ ब्राउजर का टैब बंद कर देते हैं। लेकिन इससे आपका अकाउंट लॉगआउट नहीं होता। ऐसे में दूसरा व्यक्ति उसी सिस्टम पर आपका WhatsApp दोबारा खोल सकता है। इसलिए काम पूरा होने के बाद अकाउंट से मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें। इसके अलावा ब्राउजर, ऑपरेटिंग सिस्टम और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें।
अकाउंट में ये संकेत दिखें तो हो जाएं अलर्ट
अगर आपके WhatsApp अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं लिखा है, तो इसे हल्के में न लें। आपके दोस्तों और रिश्तेदारों को आपकी तरफ से अजीब मैसेज या पैसों की मांग वाले संदेश मिलना भी खतरे का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में WhatsApp की Linked Devices सेटिंग में जाकर अनजान डिवाइस की जांच करें और उसे तुरंत लॉगआउट करें।
ऑफिस में WhatsApp Web चलाते समय रखें ध्यान
I4C ने संगठनों और WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। ऑफिस के ऐसे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाने से बचें, जहां जरूरी और संवेदनशील जानकारियां मौजूद हों। अनजान फाइल डाउनलोड न करें और संदिग्ध लिंक से भी दूर रहें। याद रखें, थोड़ी सी सावधानी आपके WhatsApp अकाउंट और निजी जानकारी को साइबर ठगी से बचा सकती है।