ओटीटी पर हर हफ्ते दर्शकों के लिए कुछ नया देखने को मिलता है। कभी बॉलीवुड की फिल्में रिलीज होती हैं तो कभी साउथ की शानदार फिल्में और वेब सीरीज दस्तक देती हैं। नवंबर का आखिरी हफ्ता भी मनोरंजन के लिहाज से खास रहने वाला है। इस हफ्ते साउथ की 4 ऐसी फिल्में रिलीज हो रही हैं, जिनका दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। इनमें एक्शन, रोमांस, मिस्ट्री और कोर्टरूम ड्रामा का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा।
आदर्श कुटुंबम में दिखेगा फैमिली ड्रामा
साउथ सुपरस्टार वेंकटेश दग्गुबाती की फिल्म ‘आदर्श कुटुंबम’ ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। यह एक तेलुगु फैमिली एक्शन-कॉमेडी फिल्म है। खास बात यह है कि इस फिल्म में पहली बार त्रिविक्रम और वेंकटेश ने साथ काम किया है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को खास सफलता नहीं मिली थी, लेकिन अब दर्शकों को इसकी ओटीटी रिलीज का इंतजार है। इसे 27 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
रोमांस पसंद है तो देखें नोटबुक 90s
रोमांटिक फिल्मों के शौकीनों के लिए तमिल फिल्म ‘नोटबुक 90s- कधल फ्लैशबैक’ एक अच्छा विकल्प हो सकती है। इस फिल्म की कहानी 1990 के दशक के माहौल पर आधारित है। इसमें मुजम्मिल इलियास और युवा श्रीलक्ष्मी मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। रोमांस और पुराने दौर की यादों से जुड़ी इस फिल्म को सोनी लिव पर 23 नवंबर को रिलीज किया जा चुका है। यानी आप इसे अभी घर बैठे देख सकते हैं।
सत्यमेव में दिखेगा कोर्टरूम ड्रामा
अगर आपको कोर्टरूम ड्रामा वाली फिल्में पसंद हैं तो मलयालम फिल्म ‘सत्यमेव’ देख सकते हैं। इस फिल्म का निर्देशन दीपू करुणाकरण ने किया है। कहानी में कोर्टरूम से जुड़े दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिलेंगे। साउथ सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म एक अच्छा विकल्प हो सकती है। इसे 27 नवंबर से जी5 पर स्ट्रीम किया जाएगा।
ऑक्टोपस में मिलेगा मिस्ट्री और सस्पेंस
इस हफ्ते रिलीज होने वाली फिल्मों में तमिल मिस्ट्री-थ्रिलर ‘ऑक्टोपस’ भी शामिल है। फिल्म में अश्विन कुमार, अर्चना रविचंद्रन और विनोद किशन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह एक सस्पेंस से भरपूर फिल्म है, जिसमें रहस्य और रोमांच देखने को मिलेगा। अगर आपको ऐसी कहानियां पसंद हैं, जिनमें हर मोड़ पर नया खुलासा हो, तो यह फिल्म आपकी वॉचलिस्ट में शामिल हो सकती है। इसे 27 नवंबर से जी5 पर देख सकेंगे।
इस हफ्ते ओटीटी पर मिलेगा मनोरंजन का डबल डोज
नवंबर के आखिरी हफ्ते में साउथ की इन चार फिल्मों के जरिए दर्शकों को अलग-अलग तरह का मनोरंजन मिलने वाला है। वेंकटेश की फैमिली कॉमेडी से लेकर रोमांटिक ड्रामा और सस्पेंस-थ्रिलर तक, हर पसंद के लिए कुछ न कुछ मौजूद है। ऐसे में अगर आप इस वीकेंड घर बैठे फिल्में देखने का प्लान बना रहे हैं, तो इन फिल्मों को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।