रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की कमाई लगातार बढ़ रही है और दुनियाभर में इसका कारोबार 1500 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखकर माना जा रहा है कि यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म बन सकती है। अब इसकी नजर कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पर है।
कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ने की तैयारी
‘रामायण’ की कमाई को देखते हुए इसकी तुलना ‘पुष्पा 2’, ‘बाहुबली 2’, ‘धुरंधर 2’ और आमिर खान की ‘दंगल’ जैसी फिल्मों से हो रही है। फिल्म की सफलता ने बॉक्स ऑफिस पर नई उम्मीदें जगा दी हैं। हालांकि, दुनियाभर में कमाई के साथ-साथ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी यह फिल्म नए रिकॉर्ड बना रही है। अब इसके निशाने पर विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ का एक खास रिकॉर्ड है।
‘छावा’ ने बनाया था बड़ा रिकॉर्ड
विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ साल 2024 में रिलीज हुई थी। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था। फिल्म को दर्शकों का शानदार प्यार मिला था। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह थी कि रिलीज के लगातार 17 दिनों तक फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर डबल डिजिट में कमाई की थी। 18वें दिन इसका कलेक्शन सिंगल डिजिट में पहुंचा था।
अब ‘रामायण’ दे रही है कड़ी टक्कर
लगातार डबल डिजिट कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में ‘छावा’ पांचवें स्थान पर है। वहीं ‘रामायण’ 15 दिनों तक लगातार डबल डिजिट में कमाई करके छठे नंबर पर पहुंच चुकी है। अगर फिल्म 17वें दिन भी 10 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा कमाती है, तो वह ‘छावा’ के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेगी। वहीं, 18वें दिन भी डबल डिजिट कलेक्शन जारी रहा तो ‘रामायण’ इस रिकॉर्ड को तोड़कर पांचवें स्थान पर पहुंच जाएगी।
इन फिल्मों के नाम है सबसे बड़ा रिकॉर्ड
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगातार डबल डिजिट कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में कई बड़ी फिल्में शामिल हैं। इस लिस्ट में रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ 28 दिनों के साथ पहले नंबर पर है। इसके बाद ‘पुष्पा 2’ 21 दिनों और ‘धुरंधर 2’ 20 दिनों के साथ मौजूद हैं। वहीं ‘बाहुबली’ और ‘छावा’ ने लगातार 17 दिनों तक डबल डिजिट कमाई की थी। अब ‘रामायण’ भी इसी सूची में अपनी जगह मजबूत कर रही है।
14 दिनों में 1500 करोड़ का आंकड़ा पार
‘रामायण’ ने कमाई के मामले में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। फिल्म ने महज 14 दिनों में दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। इस मामले में इसने अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ की बराबरी कर ली है। ‘पुष्पा 2’ ने भी 14 दिनों में यह मुकाम हासिल किया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘रामायण’ आने वाले दिनों में ‘छावा’ का रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं।