प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली के पुराने किले में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा के बीच भारत सांस्कृतिक संवाद और आपसी जुड़ाव की बात कर रहा है। पीएम मोदी के मुताबिक, वैश्विक शांति के लिए सांस्कृतिक संबंध सबसे मजबूत आधार बन सकते हैं। उन्होंने इस आयोजन को दुनिया को एक-दूसरे के करीब लाने की दिशा में अहम बताया।
25 साल में SCO ने किया बड़ा विस्तार
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ महीने पहले ही शंघाई सहयोग संगठन ने अपनी स्थापना के 25 साल पूरे किए हैं। पिछले वर्षों में इस संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में काफी विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग बढ़ने से आपसी रिश्ते और मजबूत हो सकते हैं। प्रधानमंत्री को उम्मीद है कि यह मंच नए विचारों को बढ़ावा देगा और देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते खोलेगा।
हजारों साल पुराने हैं भारत के व्यापारिक रिश्ते
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत के प्राचीन व्यापारिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक रिश्ते मौजूद थे। उस दौर में लोग एक-दूसरे के देशों तक पहुंचते थे और सामान का आदान-प्रदान करते थे। पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया जिस इंटरनेशनल कोलैबोरेशन और पीपल-टू-पीपल कनेक्टिविटी की बात कर रही है, उसकी जड़ें हमारी प्राचीन सभ्यताओं में पहले से मौजूद हैं।
व्यापार के साथ विचारों का भी हुआ आदान-प्रदान
पीएम मोदी ने बताया कि पुराने समय में व्यापारिक रास्तों के जरिए भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के कई क्षेत्र एक-दूसरे से जुड़े थे। इन रास्तों पर केवल व्यापारी ही नहीं, बल्कि विद्वान और बौद्ध भिक्षु भी यात्रा करते थे। इसके चलते अलग-अलग देशों के बीच भाषाओं, विचारों और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने कहा कि इन संपर्कों ने दुनिया की सभ्यताओं को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
साम्राज्यों ने नक्शे बदले, संवाद ने विचार
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में एक महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध किया। उनके मुताबिक, SCO का सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह दुनिया को नई दिशा देने वाला मंच बन सकता है। इससे देशों के बीच आपसी समझ और भरोसा बढ़ेगा।
पुराने किले से दिया एकता और शांति का संदेश
पीएम मोदी ने दिल्ली के पुराने किले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विद्वानों के अनुसार इस स्थान का इतिहास महाभारत काल तक जाता है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, वेद मंत्रों के पाठ और बौद्ध दर्शन के जरिए भारत की विविध विरासत दिखाई गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की प्राचीन शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेम, एकता और शांति का संदेश देती हैं। यही विचार दुनिया को आपस में जोड़ने में मदद कर सकते हैं।