वायु प्रदूषण का असर सिर्फ फेफड़ों और त्वचा पर ही नहीं, बल्कि बालों पर भी पड़ता है। इन दिनों कई शहरों में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। हवा में मौजूद धूल-मिट्टी और जहरीले कण बालों को रूखा और बेजान बना सकते हैं। अगर आपके बालों में अचानक खुजली, रूखापन और टूटने की समस्या बढ़ गई है, तो इसकी एक वजह प्रदूषण भी हो सकता है। ऐसे में बालों की सही देखभाल करना बेहद जरूरी है।
स्कैल्प पर जम जाते हैं जहरीले कण
प्रदूषित हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे बारीक कण सिर की त्वचा यानी स्कैल्प पर जमा हो सकते हैं। इससे स्कैल्प में गंदगी और बिल्डअप बढ़ता है। नतीजतन खुजली, जलन और बालों के रूखेपन की समस्या हो सकती है। लगातार प्रदूषण के संपर्क में रहने से बालों की चमक भी कम हो सकती है। इसलिए सिर्फ बाल धोना ही काफी नहीं है, बल्कि स्कैल्प की सफाई पर भी ध्यान देना जरूरी है।
बालों को करें डीप क्लीन
प्रदूषण के कारण स्कैल्प पर जमा गंदगी हटाने के लिए बालों की नियमित सफाई करें। इसके लिए माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल किया जा सकता है। कुछ लोग हेयर रिंज के तौर पर एप्पल साइडर विनेगर का इस्तेमाल भी करते हैं। इसके लिए 2 से 3 बड़े चम्मच विनेगर को 2 कप पानी में मिलाकर बालों पर लगाया जाता है। हालांकि, यह जरूरी नहीं कि हर किसी की त्वचा को यह सूट करे। संवेदनशील या खुजली वाली स्कैल्प पर इसे लगाने से जलन बढ़ सकती है, इसलिए सावधानी बरतें।
बाहर निकलते समय बालों को ढकें
प्रदूषण से बालों को बचाने का सबसे आसान तरीका है कि बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें। इसके लिए स्कार्फ, दुपट्टे या कैप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे धूल और प्रदूषण के कण सीधे बालों और स्कैल्प के संपर्क में कम आएंगे। इसके अलावा बालों को खुला छोड़ने के बजाय हल्की चोटी बनाकर रखना बेहतर हो सकता है। ध्यान रखें कि बालों को बहुत कसकर न बांधें।
हेयर सीरम और कंडीशनर का करें इस्तेमाल
रूखे और बेजान बालों को मुलायम बनाए रखने के लिए हेयर सीरम मददगार हो सकता है। यह बालों के ऊपर एक सुरक्षात्मक परत बनाता है और फ्रिजीनेस कम करने में मदद करता है। बाहर निकलने से पहले बालों की लंबाई पर सीरम लगाएं। इसके साथ ही शैंपू करने के बाद कंडीशनर लगाना न भूलें। इससे बालों में नमी बनी रहती है और उनकी चमक भी बेहतर होती है।
हफ्ते में एक बार लगाएं हेयर मास्क
अगर प्रदूषण के कारण बाल ज्यादा रूखे और बेजान हो गए हैं, तो हफ्ते में एक बार हाइड्रेटिंग हेयर मास्क लगाएं। इससे बालों को नमी देने और उनकी मुलायम बनावट बनाए रखने में मदद मिल सकती है। बाजार में मिलने वाले हेयर मास्क को इस्तेमाल करते समय पैक पर दिए गए निर्देश जरूर पढ़ें। अगर स्कैल्प में लगातार खुजली, लालिमा या जलन बनी रहती है, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। सही देखभाल से प्रदूषण के बीच भी बालों को स्वस्थ रखा जा सकता है।