बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन एक बार फिर धमकी मिलने के बाद चर्चा में हैं। गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा पोस्ट सामने आया है। इसमें दोनों को जान से मारने की बात कही गई है। पोस्ट में साफ तौर पर लिखा गया है कि अमिताभ और अभिषेक चाहे कितनी भी सुरक्षा क्यों न ले लें, उन्हें निशाना बनाया जाएगा। इस धमकी के बाद दोनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पोस्ट में क्या लिखा गया?
सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट में अमिताभ और अभिषेक बच्चन को लेकर बेहद गंभीर धमकी दी गई है। इसमें लिखा गया, “जितनी मर्जी बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, कुछ भी कर लें, दोनों बाप-बेटे को मारेंगे। बुलेटप्रूफ में ही मारेंगे। अमिताभ बच्चन और अभिषेक।” इस पोस्ट में गोल्डी ढिल्लों का नाम सामने आया है। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है।
दिल्ली पुलिस की गिरफ्तारी का भी जिक्र
धमकी भरे पोस्ट में दावा किया गया है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई से विकास ठाकुर और दीपक सिंह नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पोस्ट में कहा गया कि इन दोनों को किसी दूसरे गैंग से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। इसके साथ ही 1984 के सिख दंगों का भी जिक्र किया गया है। पोस्ट में दंगों के दोषियों को सजा देने और सिख समुदाय के खिलाफ बोलने वालों से हिसाब लेने की बात कही गई है।
बुलेटप्रूफ केबिन में दिखे थे बिग बी
अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने मुंबई स्थित बंगले जलसा के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात करते हैं। इस दौरान कुछ समय पहले उन्हें एक ग्लास केबिन के अंदर देखा गया था। बताया गया था कि सुरक्षा के लिहाज से यह बुलेटप्रूफ केबिन बनाया गया है। धमकी देने वाले पोस्ट में भी इसी केबिन का जिक्र किया गया है। इसके बाद से अमिताभ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पिता के साथ नजर आ रहे अभिषेक
पिछले कुछ समय से अभिषेक बच्चन भी रविवार को अपने पिता अमिताभ के साथ जलसा के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वह अपने पिता के आसपास मौजूद रहते हैं। अब धमकी में अभिषेक का नाम भी शामिल होने से परिवार की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पहले धमकी का निशाना अमिताभ थे, लेकिन इस बार उनके बेटे को भी सीधे तौर पर धमकाया गया है।
जलसा के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
धमकी की खबरों के बीच अमिताभ बच्चन के घर जलसा के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पहले से कड़ी की गई है। बंगले के बाहर हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात हैं और अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है। हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों से आसपास के इलाके पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा कारणों से आसपास पार्किंग पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं। प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर भी रोक की जानकारी सामने आई है।