Pakistan से छीनी जीत, 28 गेंदों में मचाया तूफान! जडेजा की एकेडमी से निकला टीम इंडिया का नया सितारा

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हमेशा से रोमांच से भरा रहा है। लेकिन अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल ने इस प्रतिद्वंद्विता में एक नया इतिहास जोड़ दिया। ओमान में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत को जीत के लिए 338 रन बनाने थे और एक समय टीम की हार लगभग तय नजर आ रही थी। तभी 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मोहित उल्वा ने ऐसी पारी खेली कि हर कोई उनका मुरीद हो गया। खास बात यह है कि मोहित का कनेक्शन दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से भी है।

आखिरी गेंद पर चौका लगाकर दिलाई जीत

अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन लगातार विकेट गिरने से मुश्किल में फंस गई। 41.3 ओवर में भारत का स्कोर 8 विकेट पर 252 रन था। इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मुकाबले का रुख बदल दिया। आखिरी गेंद पर भारत को तीन रन चाहिए थे और मोहित ने चौका लगाकर टीम को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।

गेंद से नहीं चला जादू, बल्ले से मचाया धमाल

इस फाइनल में मोहित भारतीय टीम के तेज गेंदबाज के रूप में उतरे थे। हालांकि, गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। उन्होंने आठ ओवर में 57 रन दिए और कोई विकेट हासिल नहीं किया। लेकिन जब बल्लेबाजी की बारी आई तो उन्होंने कमाल कर दिया। मोहित ने महज 28 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। उनकी इस पारी ने भारत को मुश्किल स्थिति से निकालकर चैंपियन बना दिया।

रवींद्र जडेजा से है खास कनेक्शन

मोहित उल्वा और रवींद्र जडेजा के बीच एक खास समानता है। दरअसल, दोनों ने गुजरात के जामनगर की क्रिकेट बंगलो एकेडमी में क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। इस एकेडमी के कोच महेंद्रसिंह चौहान ने ही सालों पहले जडेजा की प्रतिभा को पहचाना था। अब इसी एकेडमी से निकले मोहित ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी है।

पिता ने पूरा किया बेटे का क्रिकेटर बनने का सपना

18 साल के मोहित गुजरात के सुंदरनगर के रहने वाले हैं। उनके पिता रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) में जवान हैं और क्रिकेट के शौकीन रहे हैं। हालांकि, वह खुद क्रिकेट में अपना सपना पूरा नहीं कर सके, इसलिए उन्होंने बेटे को क्रिकेटर बनाने का फैसला किया। उन्होंने मोहित का दाखिला जामनगर की क्रिकेट बंगलो एकेडमी में कराया। यहां कोच महेंद्रसिंह चौहान ने उनकी प्रतिभा को निखारा।

कोच ने फिटनेस पर दिया खास ध्यान

मोहित पहले ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते थे, लेकिन कोच महेंद्रसिंह चौहान की सलाह पर वह तेज गेंदबाज बन गए। कोच ने उन्हें शुरुआत से ही फिटनेस पर ध्यान देने की सीख दी। इसके लिए मोहित मैदान के कई चक्कर लगाते थे और नियमित फिटनेस ड्रिल करते थे। मोहित ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस को अपना आदर्श मानते हैं। वह भी कमिंस की तरह गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए योगदान देना चाहते हैं।

अब ऑलराउंडर के रूप में बना रहे पहचान

मोहित सौराष्ट्र की एज-ग्रुप टीमों के लिए भी क्रिकेट खेल चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज के तीन मैचों में उन्होंने पांच विकेट लिए थे। अंडर-19 एशिया कप में उनका गेंदबाजी प्रदर्शन भले ही साधारण रहा और पांच मैचों में तीन विकेट मिले, लेकिन फाइनल की पारी ने सबका ध्यान खींच लिया। अब मोहित की इस शानदार सफलता के बाद उनसे भारतीय क्रिकेट में एक बेहतरीन ऑलराउंडर बनने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post