बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर इन दिनों चर्चा तेज है। बिग बी ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके बताया था कि डॉक्टर ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी है। इसके बाद उन्होंने अपने ब्लॉग में भी नींद न आने की परेशानी का जिक्र किया था। अब खबर है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के चलते लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की शूटिंग रोक दी गई है।
बिग बी की सेहत के कारण रुकी शूटिंग
एक सूत्र ने जानकारी दी है कि अमिताभ बच्चन की तबीयत को देखते हुए शो के मेकर्स ने फिलहाल नए एपिसोड की शूटिंग रोकने का फैसला किया है। हालांकि, चैनल ने शो का प्रसारण बंद नहीं किया है। दिवाली स्पेशल वीक के तहत पुराने एपिसोड दोबारा दिखाए जा रहे हैं। इन एपिसोड में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे मेहमान बनकर पहुंचे थे। फिलहाल दर्शकों को नए एपिसोड के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।
रणबीर कपूर वाला एपिसोड था आखिरी शूट
सूत्र के मुताबिक, अमिताभ बच्चन ने आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ शूट किया था। तीनों अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशन के लिए KBC के सेट पर पहुंचे थे। मेकर्स की योजना थी कि इस खास एपिसोड को फिल्म की रिलीज के आसपास प्रसारित किया जाएगा। लेकिन बिग बी की तबीयत खराब होने के कारण चैनल को अपनी योजना बदलनी पड़ी।
दिवाली स्पेशल में दिखाया गया खास एपिसोड
जानकारी के मुताबिक, मेकर्स ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी वाले एपिसोड को रिलीज तक रोककर रखने के बजाय दिवाली स्पेशल वीक में ही प्रसारित करने का फैसला किया। इसी के साथ पिछले हफ्ते से दिवाली स्पेशल एपिसोड दिखाए जा रहे हैं। दर्शकों को पुराने एपिसोड के जरिए फिल्मी सितारों के साथ अमिताभ बच्चन की बातचीत देखने का मौका मिल रहा है।
अगले हफ्ते वापस आ सकते हैं अमिताभ बच्चन
KBC के फैंस के लिए राहत की खबर यह है कि शो की शूटिंग अगले हफ्ते दोबारा शुरू हो सकती है। सूत्र ने बताया कि अगर अमिताभ बच्चन की सेहत में सुधार होता है, तो मेकर्स शूटिंग शुरू करने की तैयारी कर सकते हैं। हालांकि, यह पूरी तरह बिग बी की सेहत पर निर्भर करेगा। फिलहाल उनकी तरफ से शूटिंग दोबारा शुरू करने की कोई पक्की तारीख सामने नहीं आई है।
ब्लॉग में बिग बी ने बताई अपनी परेशानी
अमिताभ बच्चन ने शनिवार को अपने ब्लॉग में काम पर धीरे-धीरे लौटने की बात कही। उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की जिंदगी से दूर रहने के बाद दोबारा उसी दिनचर्या में लौटना थोड़ा अलग महसूस होता है। उन्होंने यह भी लिखा कि कभी-कभी उन्हें अपना चश्मा, मोबाइल और कुछ घंटे पहले किए गए काम तक याद नहीं रहते, जबकि स्कूल के आठवीं कक्षा के दिन आज भी अच्छी तरह याद हैं। उनके इस ब्लॉग के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।