Diwali पर मिठाई देकर न करें बोर, इस बार रिश्तेदारों को दें ये 5 हेल्दी गिफ्ट, सेहत और खूबसूरती दोनों का रखेंगे ख्याल

दिवाली का त्योहार खुशियां बांटने और अपनों को उपहार देने का मौका होता है। इस मौके पर ज्यादातर लोग रिश्तेदारों और दोस्तों को मिठाइयां देते हैं। लेकिन इस बार आप कुछ अलग और खास गिफ्ट देकर सबको चौंका सकते हैं। ऐसे उपहार चुनें, जो खूबसूरत होने के साथ सेहत, स्किन केयर और फिटनेस का भी ध्यान रखें। ये गिफ्ट आपके अपनों के लिए यादगार भी बन सकते हैं।

ड्राई फ्रूट्स और नट्स का बॉक्स

दिवाली पर मिठाइयों की जगह ड्राई फ्रूट्स और नट्स का कॉम्बो बॉक्स देना अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें बादाम, काजू, अखरोट, किशमिश, पिस्ता और अलग-अलग तरह के सीड्स शामिल कर सकते हैं। इनमें प्रोटीन, हेल्दी फैट्स, विटामिन और मिनरल्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह गिफ्ट बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए उपयोगी हो सकता है। आप इसे खूबसूरत पैकिंग में सजाकर दे सकते हैं।

रिश्तेदारों को गिफ्ट करें खूबसूरत पौधे

अगर आप इस दिवाली कुछ अलग देना चाहते हैं तो पौधे भी शानदार गिफ्ट हो सकते हैं। ये घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आसपास हरियाली भी बनाए रखते हैं। आप स्नेक प्लांट, स्पाइडर प्लांट, पीस लिली, अरेका पाम, जेड प्लांट और मनी प्लांट जैसे विकल्प चुन सकते हैं। इन पौधों की देखभाल करना भी आसान होता है। इन्हें छोटे सजावटी गमलों में लगाकर रिटर्न गिफ्ट के तौर पर दिया जा सकता है।

महिलाओं के लिए सेल्फ केयर किट

मां, पत्नी, बहन या किसी खास महिला को गिफ्ट देना है तो सेल्फ केयर किट अच्छा विकल्प रहेगी। इसमें फेस वॉश, क्लींजर, बॉडी लोशन, बॉडी वॉश और स्किन केयर प्रोडक्ट शामिल कर सकते हैं। इसके अलावा जेड रोलर, गुआशा और फेस क्लींजिंग ब्रश जैसे ब्यूटी टूल्स भी रख सकते हैं। किट में हर्बल टी और चॉकलेट शामिल करके इसे और खास बनाया जा सकता है।

एसेंशियल ऑयल डिफ्यूजर से दें सुकून

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद के लिए सुकून के पल निकालना काफी जरूरी है। ऐसे में एसेंशियल ऑयल डिफ्यूजर दिवाली के लिए एक शानदार गिफ्ट हो सकता है। इसमें खुशबू वाले तेल डालकर कमरे में अच्छी महक फैलाई जा सकती है। लैवेंडर, लेमनग्रास और रोज जैसे अरोमा ऑयल के विकल्प भी चुन सकते हैं। यह गिफ्ट घर के माहौल को खुशनुमा बनाने में मदद कर सकता है।

फिटनेस पसंद करने वालों को दें हेल्थ गिफ्ट

अगर आपके रिश्तेदार जिम जाते हैं, दौड़ लगाते हैं या फिटनेस का ध्यान रखते हैं तो उनके लिए हेल्थ से जुड़े गिफ्ट चुन सकते हैं। अच्छी ग्रिप वाले स्पोर्ट्स शूज, पानी की बोतल, टम्बलर, योगा मैट और फिटनेस ट्रैकर वॉच अच्छे विकल्प हैं। ये चीजें रोजमर्रा की फिटनेस रूटीन में काम आ सकती हैं। इस तरह आप इस दिवाली मिठाइयों से हटकर ऐसा उपहार दे सकते हैं, जो अपनों के काम भी आए।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post