आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हैं। हेल्दी खाना, रोज जिम जाना और स्मोकिंग से दूर रहना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। इसके बावजूद दिल की बीमारियों का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं होता। इसकी एक वजह कोलेस्ट्रॉल, तनाव, नींद की कमी और गलत वर्किंग हैबिट्स हो सकती हैं। खासकर ऑफिस में घंटों बैठकर काम करने वाले लोगों को अपनी रोजमर्रा की आदतों पर ध्यान देना चाहिए।
घंटों एक ही जगह बैठना पड़ सकता है भारी
रोज एक्सरसाइज करने के बावजूद अगर आप ऑफिस में लगातार कई घंटे कुर्सी पर बैठे रहते हैं, तो यह सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। लंबे समय तक बैठे रहने से शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है, जिसका असर दिल की सेहत पर पड़ सकता है। इसलिए हर 30 से 60 मिनट में कुछ देर खड़े हों, टहलें या हल्की स्ट्रेचिंग करें। इससे शरीर सक्रिय रहेगा और लंबे समय तक बैठे रहने की आदत भी कम होगी।
स्क्रीन देखते हुए खाना भी गलत आदत
ऑफिस में काम के बीच लैपटॉप या मोबाइल देखते हुए लंच करना कई लोगों की आदत बन चुका है। लेकिन खाते समय स्क्रीन पर ध्यान रहने से आप अपने खाने और पेट भरने के संकेतों को ठीक से समझ नहीं पाते। इससे जरूरत से ज्यादा खाने की आशंका बढ़ सकती है। बेहतर होगा कि लंच के दौरान स्क्रीन से दूरी बनाएं और आराम से खाना खाएं। इससे खाने पर ध्यान देने और अपनी भूख को समझने में मदद मिल सकती है।
लगातार तनाव लेना दिल पर डालता है असर
काम का दबाव, डेडलाइन और ऑफिस की जिम्मेदारियां तनाव बढ़ा सकती हैं। अगर यह तनाव लंबे समय तक बना रहे, तो नींद, ब्लड प्रेशर और दिल की सेहत पर असर पड़ सकता है। ऑफिस का तनाव घर तक ले जाना भी मानसिक सुकून को प्रभावित करता है। इससे बचने के लिए काम के बीच छोटे ब्रेक लें, नियमित रूप से टहलें और परिवार के साथ समय बिताएं। जरूरत पड़ने पर तनाव से निपटने के लिए विशेषज्ञ की मदद भी लें।
नींद से समझौता करना पड़ सकता है महंगा
ऑफिस का काम पूरा करने या डेडलाइन के चक्कर में नींद कम करना सेहत के लिए ठीक नहीं है। पर्याप्त नींद न मिलने से शरीर की रिकवरी प्रभावित होती है और लंबे समय में दिल से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है। हेल्दी डाइट और जिम की आदत नींद की कमी की भरपाई नहीं कर सकती। इसलिए रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद लेने की कोशिश करें और सोने-जागने का समय नियमित रखें।
छोटी आदतें सुधारकर रखें दिल का ख्याल
दिल को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ हेल्दी खाना, एक्सरसाइज और स्मोकिंग से दूरी काफी नहीं है। दिनभर सक्रिय रहना, समय पर भोजन करना, तनाव को संभालना और पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है। इसके साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की समय-समय पर जांच कराएं। याद रखें, सामान्य बीएमआई होने का मतलब यह नहीं कि दिल की बीमारी का खतरा बिल्कुल नहीं है। संतुलित दिनचर्या और नियमित स्वास्थ्य जांच दिल की सेहत बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती है।