Tiger Shroff पर फायरिंग: वारदात के बाद बाइक छोड़ भागे आरोपी, कोटा में दबोचे गए तीनों, मकोका लगा

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। DCP राजतिलक रौशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया। इनमें दो आरोपी हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। तीनों की उम्र 18 से 22 साल के बीच बताई गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले में कोई भी आरोपी नाबालिग नहीं है। आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। साथ ही मकोका भी लगाया गया है।

फायरिंग के बाद अंधेरी में छोड़ी मोटरसाइकिल

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना रविवार शाम करीब सात बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर विले पार्ले और अंधेरी होते हुए SV रोड से भागे। उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास मोटरसाइकिल छोड़ दी और बोरीवली जाने वाली लोकल ट्रेन पकड़ ली। पुलिस को घटनास्थल और रास्तों के CCTV फुटेज से अहम सुराग मिले। इसके बाद जांच टीमों ने आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाना शुरू किया।

लोकल ट्रेन से कैब और फिर एक्सप्रेस ट्रेन

जांच में सामने आया कि आरोपी अंधेरी से लोकल ट्रेन के जरिए बोरीवली पहुंचे। वहां से उन्होंने गुजरात के सूरत जाने के लिए ऐप आधारित कैब बुक की। पुलिस के अनुसार, यह कैब ऋतिक नाम के आरोपी ने बुक की थी। सूरत पहुंचने के बाद तीनों पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सवार हो गए। उन्हें उम्मीद थी कि अलग-अलग परिवहन साधनों का इस्तेमाल करने से पुलिस को चकमा दे सकेंगे। हालांकि, तकनीकी जांच और CCTV फुटेज की मदद से पुलिस उनकी गतिविधियों का पता लगाने में सफल रही।

कोटा स्टेशन पर ऐसे पकड़े गए आरोपी

मुंबई क्राइम ब्रांच ने ट्रेन और आरोपियों के सफर से जुड़ी जानकारी जुटाकर राजस्थान पुलिस के साथ साझा की। इसके बाद कोटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर तीनों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में राजस्थान पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स की मदद मिली। दिल्ली और गुजरात पुलिस ने भी जांच में सहयोग किया। आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां मुंबई पुलिस को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिल गई। अब पुलिस उन्हें आगे की पूछताछ के लिए मुंबई ला रही है।

रेहान, ऋतिक और फूल सिंह की भूमिका की जांच

पुलिस ने आरोपियों की पहचान रेहान, ऋतिक कुमार और फूल सिंह के रूप में की है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, कथित शूटरों में फूल सिंह और रेहान शामिल हैं। बताया गया कि फायरिंग के दौरान फूल सिंह का हथियार खराब हो गया था। पुलिस ऋतिक की मोटरसाइकिल की खरीद और मालिकाना हक की भी जांच कर रही है। बाइक 11 सितंबर को खरीदी गई थी और वर्ष 2022 से इसके चार बार हस्तांतरण की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

दो हथियारों से 5-6 राउंड फायरिंग

क्राइम ब्रांच के अनुसार, घटना में दो हथियारों का इस्तेमाल किया गया और टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर पांच से छह राउंड फायरिंग हुई। हालांकि, हथियार अभी बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाले पोस्ट की भी जांच कर रही है। फिलहाल हमले के पीछे की बड़ी साजिश स्पष्ट नहीं हुई है। जांच अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि आरोपियों को अभिनेता की लोकेशन कैसे मिली और क्या किसी ने उन्हें मदद दी थी। पुलिस ने कहा है कि सबूत मिलने पर अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post