खाना हमेशा परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ ही खाया जाए, यह जरूरी नहीं है। अब अकेले रेस्टोरेंट में जाकर अपनी पसंद का खाना खाने यानी सोलो डाइनिंग का ट्रेंड भी तेजी से बढ़ रहा है। यह खुद के साथ समय बिताने और अपनी पसंद को प्राथमिकता देने का एक अच्छा तरीका है। सोलो डाइनिंग को आप सेल्फ डेट की तरह एंजॉय कर सकते हैं। इसके लिए बस कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
अच्छे कपड़े पहनकर जाएं
सोलो डाइनिंग आपके लिए मी टाइम की तरह है, इसलिए इस मौके को खास बनाने के लिए अच्छी तरह तैयार होकर जाएं। जरूरी नहीं कि आप बहुत महंगे कपड़े पहनें, बल्कि ऐसे कपड़े चुनें जिनमें आप सहज और आत्मविश्वास से भरा महसूस करें। तैयार होकर बाहर जाना आपके मूड को बेहतर बना सकता है। इससे अकेले रेस्टोरेंट जाने का अनुभव भी खास बन जाता है।
खाने का पूरा स्वाद लें
सोलो डाइनिंग का असली मजा तभी है, जब आप खाने को जल्दबाजी में खत्म करने के बजाय उसका पूरा आनंद लें। डिश की खूबसूरत प्रेजेंटेशन देखें, उसकी खुशबू महसूस करें और धीरे-धीरे हर निवाले का स्वाद लें। इस दौरान बार-बार फोन देखने से बचें। आसपास की हलचल पर ध्यान देने के बजाय खाने पर फोकस करें। इससे आप माइंडफुल ईटिंग का अनुभव कर पाएंगे और भोजन का बेहतर आनंद ले सकेंगे।
अपनी पसंद का खाना ऑर्डर करें
दूसरों के साथ खाना खाते समय अक्सर उनकी पसंद का भी ध्यान रखना पड़ता है। लेकिन सोलो डाइनिंग में आपको अपनी पसंद के मुताबिक ऑर्डर करने की पूरी आजादी होती है। आप चाहें तो अपनी पसंदीदा डिश, आइसक्रीम या कोई खास डेजर्ट मंगा सकते हैं। इसके अलावा रेस्टोरेंट की कोई मशहूर रेसिपी भी ट्राई कर सकते हैं। वहां के स्टाफ से सुझाव लेकर कुछ नया चखना आपके इस अनुभव को यादगार बना सकता है।
कम भीड़ वाले समय में जाएं
अगर आप पहली बार अकेले रेस्टोरेंट जा रहे हैं, तो शुरुआत में भीड़ के बीच थोड़ा असहज महसूस हो सकता है। ऐसे में लंच या डिनर के व्यस्त समय के बजाय ऑफ-पीक ऑवर्स चुनें। इस समय रेस्टोरेंट में अपेक्षाकृत कम भीड़ होती है, जिससे आप आराम से अपनी पसंद की सीट चुन सकते हैं। साथ ही, आपको बिना किसी जल्दबाजी के खाना खाने और माहौल का आनंद लेने का मौका मिलता है।
सही रेस्टोरेंट चुनना है जरूरी
सोलो डाइनिंग का अनुभव अच्छा बनाने के लिए रेस्टोरेंट का चुनाव भी मायने रखता है। ऐसी जगह चुनें जहां का माहौल सुकून देने वाला हो और बहुत ज्यादा शोर न हो। हल्का म्यूजिक, अच्छी लाइटिंग और आरामदायक सीटिंग आपके अनुभव को बेहतर बना सकते हैं। शुरुआत में आप किसी ऐसे कैफे या रेस्टोरेंट में जा सकते हैं जहां आप सहज महसूस करें। इससे अगली बार अकेले बाहर खाना खाने में झिझक कम होगी।
खुद के साथ समय बिताना सीखें
सोलो डाइनिंग सिर्फ खाना खाने का तरीका नहीं, बल्कि खुद को समय देने का भी एक मौका है। इसमें आपको किसी दूसरे की पसंद या सुविधा के हिसाब से योजना बनाने की जरूरत नहीं होती। अपनी पसंद का खाना चुनें, आराम से बैठें और इस पल को एंजॉय करें। याद रखें, अकेले खाना खाने का मतलब अकेलापन नहीं है। यह खुद को प्राथमिकता देने और अपनी कंपनी का आनंद लेने का एक अच्छा तरीका हो सकता है।