Kannauj की रमा तिवारी का दिल्ली में डंका, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने जल संवाद में गंगा संरक्षण के काम को सराहा

जल संरक्षण और नदियों को बचाने की दिशा में काम कर रहे देशभर के 21 जल योद्धाओं को नई दिल्ली में आयोजित ‘जल योद्धा संवाद’ में आमंत्रित किया गया। इनमें उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले की ग्राम पंचायत मेहंदीपुर निवासी रमा तिवारी भी शामिल रहीं। कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने सभी जल योद्धाओं से मुलाकात की और उनके काम के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

केंद्रीय मंत्री ने रमा के प्रयासों को सराहा

कार्यक्रम के दौरान रमा तिवारी ने गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर किए जा रहे अपने कार्यों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने बताया कि उनका गांव गंगा नदी के किनारे स्थित है और बचपन से ही वह नदी की साफ-सफाई को लेकर जागरूक रही हैं। मंत्री ने उनके प्रयासों और समुदाय को साथ लेकर किए जा रहे काम की सराहना की।

2016 से स्वच्छता अभियान से जुड़ीं

रमा तिवारी ने बताया कि वह वर्ष 2016 से स्वच्छ भारत मिशन से जुड़कर अपने गांव में स्वच्छता और जागरूकता के लिए काम कर रही हैं। उनके प्रयासों के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय वन्यजीव संस्थान के साथ ‘गंगा प्रहरी’ के रूप में काम करना शुरू किया और गंगा की स्वच्छता व संरक्षण को लेकर लोगों को लगातार जागरूक करती रहीं।

गंगा गांवों की महिलाओं से बनाया जुड़ाव

रमा तिवारी ने कार्यक्रम में बताया कि वह भारतीय वन्यजीव संस्थान की ‘Connecting River People to Realise Arth Ganga’ परियोजना में जलज परियोजना सहायक के रूप में भी कार्य कर रही हैं। इस परियोजना के तहत कानपुर देहात, कानपुर नगर और कन्नौज के गंगा ग्रामों की महिलाओं को नदी संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को नदी और उसके पर्यावरण से जोड़कर संरक्षण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

महिलाओं को पर्यावरण अनुकूल कामों से जोड़ा

रमा तिवारी ने बताया कि महिलाओं के बीच नदी की जैव विविधता, जलीय जीवों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को लेकर संवाद किया जाता है। इसके साथ ही उन्हें इको-फ्रेंडली उत्पाद बनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्राकृतिक साबुन और ब्यूटी से जुड़े उत्पाद जैसे कामों के जरिए महिलाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पति का भी मिलता है लगातार सहयोग

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने जल योद्धाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए जनभागीदारी से किए जा रहे कार्यों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि समुदाय को साथ लेकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायक हैं। रमा तिवारी ने बताया कि शादी के बाद भी उन्होंने अपना काम जारी रखा और इस दौरान उनके पति राहुल शुक्ला भी लगातार सहयोग करते रहे। कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों से आए जल और नदी संरक्षण से जुड़े लोगों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post