Maharashtra के दिवेआगर बीच पर दर्दनाक हादसा, समुद्र में डूबे पुणे के 8 छात्र, 42 छात्रों का ग्रुप पहुंचा था घूमने

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। समुद्र में नहाने के दौरान पुणे के आलंदी से आए 8 छात्रों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि समुद्र में उतरते ही छात्र अचानक तेज लहरों और पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और बचाव दल ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

42 छात्रों का ग्रुप घूमने आया था

जानकारी के मुताबिक, आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी के 42 छात्र दिवेआगर घूमने आए थे। इनमें 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं। इसी दौरान ग्रुप के 8 छात्र समुद्र में तैरने के लिए उतर गए। कुछ ही देर बाद पानी का बहाव तेज हो गया और बदलते जलस्तर के बीच छात्र डूब गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचा। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों और वहां मौजूद पर्यटकों ने भी बचाव अभियान में मदद की। काफी प्रयासों के बाद सभी 8 छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

तेज लहरों को हादसे की वजह बताया

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय समुद्र में अचानक तेज लहरें उठीं और पानी का बहाव भी बदल गया। बाहर से आने वाले पर्यटकों और छात्रों को कई बार समुद्र की गहराई और बदलते जलस्तर का सही अंदाजा नहीं होता। बचाव दल की ओर से समुद्र में उतरने से पहले पानी की स्थिति और ज्वार-भाटे को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

दिवेआगर बीच पर उमड़ी लोगों की भीड़

दिवेआगर कोंकण तट का प्रमुख पर्यटन स्थल है। करीब 4 से 5 किलोमीटर लंबे इस समुद्र तट पर सफेद रेत, समुद्र और आसपास की हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करती है। हादसे की खबर फैलने के बाद बीच पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रशासन की ओर से घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है और छात्रों के ग्रुप के शिक्षकों से भी संपर्क किया जा रहा है।

मंत्री अदिति तटकरे ने जताया दुख

घटना पर मंत्री अदिति तटकरे ने दुख जताया और इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर काम कर रहे हैं। उन्होंने मानसून के दौरान शैक्षणिक भ्रमण में विशेष सावधानी बरतने की बात कही। हादसे की जानकारी मृत छात्रों के परिवारों तक पहुंचाई जा रही है। प्रशासन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाने में लगा है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post