सोशल मीडिया पर इन दिनों 80s लुक वाली AI फोटोज खूब वायरल हो रही हैं। लोग AI टूल्स की मदद से अपनी तस्वीरों को पुराने दौर के फैशन में बदलकर शेयर कर रहे हैं। 80 का दशक सिर्फ फिल्मों और म्यूजिक के लिए खास नहीं था, बल्कि फैशन के मामले में भी इसका अलग ही जलवा था। उस दौर में लोग कपड़ों के साथ जमकर एक्सपेरिमेंट करते थे और बोल्ड लुक को पसंद करते थे।
80s का फैशन इतना खास क्यों था?
80s के फैशन में More is more वाली सोच देखने को मिलती थी। चमकीले रंग, बड़े सनग्लासेस, स्टेटमेंट ज्वेलरी और बोल्ड पैटर्न इस दौर की पहचान बने। कपड़ों में बड़े सिल्हूट और स्पोर्टी टच भी काफी पसंद किए जाते थे। खास बात यह है कि आज भी ओवरसाइज्ड ब्लेजर, हाई-वेस्ट जींस, विंटेज डेनिम और बोल्ड कलर्स के जरिए 80s का फैशन नए अंदाज में वापस नजर आ रहा है।
बेल-बॉटम और फ्लेयर्ड पैंट्स का जलवा
बेल-बॉटम पैंट्स का ट्रेंड भले ही 70s से शुरू हुआ था, लेकिन 80s में भी यह काफी लोकप्रिय रहा। नीचे से चौड़ी होने वाली इन पैंट्स को शर्ट, टी-शर्ट या जैकेट के साथ पहना जाता था। युवाओं के बीच यह स्टाइल काफी पसंद किया गया। आज भी फ्लेयर्ड पैंट्स को मॉडर्न टॉप और फुटवियर के साथ स्टाइल करके रेट्रो लुक पाया जा सकता है।
शोल्डर पैड्स ने बनाया पावरफुल लुक
80s के फैशन में पावर शोल्डर्स का अलग ही दबदबा था। बड़े शोल्डर पैड्स वाले ब्लेजर और जैकेट इस दौर की पहचान बन गए थे। इनसे शरीर का ऊपरी हिस्सा ज्यादा स्ट्रक्चर्ड और दमदार नजर आता था। खास बात यह थी कि यह स्टाइल सिर्फ पार्टियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ऑफिस और दूसरे फॉर्मल मौकों पर भी इसे खूब पहना गया।
हाई-वेस्ट जींस और पोल्का डॉट्स का ट्रेंड
हाई-वेस्ट जींस और पैंट्स 80s के सबसे पसंदीदा स्टाइल में शामिल थे। इन्हें ढीली शर्ट, टक-इन टी-शर्ट या जैकेट के साथ पहना जाता था। वहीं पोल्का डॉट्स ने भी इस दौर में ग्लैमरस अंदाज अपनाया। हालांकि यह प्रिंट 80s से काफी पुराना है, लेकिन उस समय फिल्मी सितारों और फैशन ट्रेंड्स ने इसे नया अंदाज दिया।
डेनिम ने पूरा किया 80s का रेट्रो लुक
डेनिम जैकेट 80s के सबसे बड़े फैशन स्टेपल्स में शामिल रही। टी-शर्ट और जींस के साथ डेनिम जैकेट पहनना बेहद आम था, जबकि कुछ लोग सिर से पैर तक डबल-डेनिम लुक भी अपनाते थे। पैच, बैज और कस्टमाइज्ड डेनिम इसे और खास बनाते थे। यही वजह है कि आज की Gen Z फैशन में भी 80s के इन रेट्रो स्टाइल्स की झलक लगातार देखने को मिल रही है।