Uttarakhand में बारिश का कहर! 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, नैनीताल-अल्मोड़ा में रेड अलर्ट, सड़कें बंद और सैकड़ों वाहन फंसे

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अगले 18 घंटों के लिए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और चमोली समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। यह चेतावनी 1 सितंबर की शाम 3:58 बजे से 2 सितंबर की सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहने की बात कही गई है।

नैनीताल और अल्मोड़ा में रेड अलर्ट

नैनीताल और अल्मोड़ा के कुछ इलाकों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। चौखुटिया, भिकियासैंण, रानीखेत, भनोली, रामनगर, भीमताल, हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, भवाली और द्वाराहाट समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की आशंका है। यहां तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बताया गया है।

तीन जिलों में स्कूल बंद करने के आदेश

भारी बारिश के खतरे को देखते हुए नैनीताल, बागेश्वर और अल्मोड़ा में स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में SDRF की टीमें भी तैयार हैं। प्रशासन ने लोगों से जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की है।

पिथौरागढ़ में 17 सड़कें बंद

पिथौरागढ़ में सोमवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ है और पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग समेत करीब 17 सड़कों पर यातायात प्रभावित है। मुन्ना बैंड के पास मलबा आने से सड़क बंद हो गई। इसके चलते बस, टैक्सी और ट्रकों समेत 400 से ज्यादा वाहन अलग-अलग जगहों पर फंस गए हैं। सड़कें खोलने का काम जारी है।

उफान पर नदियां, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

लगातार बारिश से काली, रामगंगा, सरयू और गोरी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा है। लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गई है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post