Pancreatic Cancer के मरीजों के लिए बड़ी खबर, FDA ने मंजूर की नई दवा जिसने मौत का खतरा 60% तक घटाया

अमेरिकी FDA ने 26 अगस्त 2026 को RASONQUE यानी daraxonrasib को मेटास्टेटिक पैंक्रियाटिक कैंसर के इलाज के लिए मंजूरी दी है। इसे रिवोल्यूशन मेडिसिन ने विकसित किया है। यह दवा उन वयस्क मरीजों के लिए है जिन्हें पहले कम से कम एक सिस्टमेटिक इलाज मिल चुका है या जो कुछ मल्टी-ड्रग इलाज के योग्य नहीं हैं।

ट्रायल में दिखा बड़ा फायदा

फेज-3 RASolute 302 ट्रायल में दवा ने मौजूदा कीमोथेरेपी के मुकाबले बेहतर नतीजे दिखाए। कंपनी के मुताबिक, RASONQUE लेने वाले मरीजों की औसत ओवरऑल सर्वाइवल 13.2 महीने रही, जबकि कीमोथेरेपी समूह में यह 6.7 महीने थी। यानी एडवांस बीमारी में जीवित रहने का समय करीब दोगुना रहा। मौत का जोखिम भी 60% कम देखा गया।

पैंक्रियाज शरीर का छोटा लेकिन अहम अंग

पैंक्रियाज यानी अग्न्याशय पेट के पीछे मौजूद एक अहम अंग है। इसका काम सिर्फ खाना पचाने तक सीमित नहीं है। यह ऐसे एंजाइम बनाता है जो भोजन को पचाने में मदद करते हैं और इंसुलिन जैसे हार्मोन बनाकर ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में भूमिका निभाता है। इसलिए पैंक्रियाज में समस्या होने पर पाचन और शुगर, दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

हर समस्या कैंसर नहीं होती

पैंक्रियाज में सूजन को पैंक्रियाटाइटिस कहा जाता है। यह अचानक भी हो सकता है और लंबे समय तक भी रह सकता है। लगातार सूजन से पैंक्रियाज को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि पैंक्रियाज की हर बीमारी कैंसर में नहीं बदलती। कैंसर तब होता है जब कोशिकाओं में ऐसे बदलाव आ जाते हैं और वे नियंत्रण से बाहर बढ़ने लगती हैं।

इन संकेतों को नजरअंदाज न करें

पैंक्रियाटिक कैंसर की सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि शुरुआती दौर में इसके लक्षण अक्सर साफ नहीं होते। बाद में पेट के ऊपरी हिस्से या पीठ में दर्द, बिना वजह वजन कम होना, भूख घटना, पीलिया, गहरे रंग का पेशाब और हल्के रंग का मल जैसे संकेत दिखाई दे सकते हैं। अचानक डायबिटीज शुरू होना या पुरानी डायबिटीज का बेकाबू होना भी कुछ मामलों में जांच की वजह बन सकता है।

कब डॉक्टर से जांच करानी चाहिए?

अगर पेट का दर्द लगातार या बार-बार हो रहा है, वजन बिना वजह घट रहा है, पीलिया दिखाई दे रहा है या पाचन की परेशानी लंबे समय से बनी हुई है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर ब्लड टेस्ट, CT या MRI जैसी जांच कराई जा सकती है और कुछ मामलों में बायोप्सी की जरूरत पड़ती है। RASONQUE की अमेरिकी कीमत 30 दिन की सप्लाई के लिए करीब 39,800 डॉलर है; भारत में इसकी उपलब्धता और वास्तविक कीमत अलग हो सकती है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post