‘Dune Part 3’ का ऐसा क्रेज कि धड़ाम से क्रैश हुई टिकट साइट, रिलीज से पहले ही मचा बॉक्स ऑफिस तूफान

साइंस-फिक्शन एडवेंचर फिल्म ‘ड्यून’ के दोनों पार्ट को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। अब फैंस की नजर ‘ड्यून पार्ट 3’ पर है। फिल्म 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज में अभी समय बाकी है, लेकिन फिल्म को लेकर लोगों की एक्साइटमेंट अभी से साफ नजर आ रही है। इसकी प्री-सेल्स शुरू होते ही टिकटों की जबरदस्त मांग देखने को मिली।

टिकटों की बुकिंग बढ़ी तो वेबसाइट हुई क्रैश

मेकर्स ने 18 अगस्त से फिल्म की एडवांस टिकट बुकिंग शुरू की। शुरुआती प्री-सेल्स में ही बड़ी संख्या में लोगों ने टिकट बुक करने की कोशिश की, जिसके चलते टिकट बुकिंग वेबसाइट AMC पर तकनीकी परेशानी आ गई और साइट क्रैश हो गई। इससे कई फैंस को टिकट बुक करने में दिक्कत हुई। रिलीज से महीनों पहले ऐसा रिस्पॉन्स फिल्म के लिए बड़े बज़ का संकेत माना जा रहा है।

स्पेशल स्क्रीनिंग को लेकर भी फैंस में उत्साह

फिलहाल स्पेशल स्क्रीनिंग और IMAX स्क्रीन के लिए एडवांस टिकटों की प्री-सेल्स शुरू हुई है। 14 और 15 दिसंबर को फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई है, जो थिएट्रिकल रिलीज से करीब चार दिन पहले होगी। इन शोज को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह है। टिकटों की बढ़ती मांग ने फिल्म की लोकप्रियता को रिलीज से पहले ही चर्चा में ला दिया है।

33 सेकेंड के टीजर ने बढ़ाई कहानी की उत्सुकता

प्री-सेल्स की घोषणा के साथ मेकर्स ने फिल्म का 33 सेकेंड का टीजर भी जारी किया। छोटा होने के बावजूद यह वीडियो फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ाने के लिए काफी है। इसमें एरड्रिक की आवाज सुनाई देती है। जब राजकुमारी इरलान आगे क्या होने वाला है, यह पूछती हैं तो एरड्रिक की ओर से जवाब मिलता है, “द एंड।” इस छोटे से डायलॉग ने कहानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पिछले दोनों पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल

‘ड्यून पार्ट 3’ से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि फिल्म पहले वीकेंड में करीब 100 मिलियन डॉलर यानी लगभग 950 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है। इससे पहले 2021 में आई ‘ड्यून’ ने दुनियाभर में करीब 410 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3,900 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद 2024 में रिलीज हुई ‘ड्यून पार्ट 2’ ने करीब 715 मिलियन डॉलर यानी लगभग 6,800 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया।

क्या तीसरा पार्ट बनाएगा कमाई का नया रिकॉर्ड?

दोनों फिल्मों की कुल कमाई करीब 1.1 बिलियन डॉलर यानी लगभग 10,700 करोड़ रुपये रही है। अब तीसरे पार्ट से उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। रिलीज से पहले टिकटों की मांग और फैंस का क्रेज देखकर फिल्म की ओपनिंग को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब असली सवाल यही है कि क्या ‘ड्यून पार्ट 3’ अपने दोनों पार्ट की सफलता को पीछे छोड़कर बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच पाएगी?

The Hindi Post
Author: The Hindi Post