NEET पेपर लीक के बाद छात्रों के आंदोलन और युवाओं की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच बीजेपी ने Gen-Z कनेक्ट की रणनीति तैयार की है। अब पार्टी 18 साल की उम्र के बजाय 14 साल से ही युवाओं से संवाद शुरू करेगी। इस अभियान में 14 से 22 साल तक के युवाओं को शामिल किया जाएगा।
सोशल मीडिया बनेगा युवाओं तक पहुंच का बड़ा जरिया
बीजेपी का मानना है कि सोशल मीडिया के दौर में 14 से 22 साल की उम्र के युवा राय बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। वे कई बार परिवार के फैसलों को भी प्रभावित करते हैं। इसलिए पार्टी Instagram, Snapchat और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म पर विजुअल कंटेंट और इंटरैक्टिव बातचीत के जरिए युवाओं तक पहुंचने की तैयारी कर रही है।
PM मोदी के वीडियो फॉर्मेट से भी जोड़कर देखा जा रहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्टिकल वीडियो और सेल्फी फॉर्मेट को भी इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि Gen-Z कनेक्ट केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं होगा। सांसद, विधायक, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता कॉलेज, यूनिवर्सिटी, कोचिंग सेंटर और स्पोर्ट्स क्लब में युवाओं से सीधे बातचीत करेंगे।
बिना झंडे-बैनर के होगी युवाओं से सीधी बातचीत
इस संवाद में पार्टी का झंडा-बैनर, राजनीतिक मंच या मीडिया कवरेज नहीं होगा। बातचीत की शुरुआत परीक्षा, पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और करियर जैसे मुद्दों से की जाएगी। अगर छात्र राजनीतिक सवाल पूछेंगे तो नेताओं की कोशिश बातचीत के जरिए उनका जवाब देने की होगी। छात्र चाहें तो अपने मोबाइल से बातचीत रिकॉर्ड भी कर सकेंगे।
पूरे साल चलेगा अभियान, राज्यों से मांगी जाएगी रिपोर्ट
Gen-Z कनेक्ट किसी खास समय के लिए नहीं होगा, बल्कि पूरे साल जारी रहेगा। प्रदेश संगठन इसकी निगरानी करेगा और इसकी रिपोर्ट केंद्र को भेजेगा। IIT, IIM और बड़े शोध संस्थानों में स्थानीय सांसदों के साथ केंद्रीय नेता युवाओं से संवाद करेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में युवा टीम बनाने पर भी जोर रहेगा।
कोचिंग सेंटरों पर खास नजर, युवा नेतृत्व पर भी फोकस
बीजेपी की रणनीति में कोचिंग संस्थानों को खास जगह दी गई है। पार्टी का मानना है कि एक शिक्षक ऑनलाइन और क्लासरूम के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं तक पहुंच सकता है। कोटा, पटना, प्रयागराज, बेंगलुरु, विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम के बड़े कोचिंग संस्थानों पर नजर है। साथ ही संगठन और सरकार में युवा चेहरों को आगे लाकर भविष्य के नेतृत्व की तैयारी भी की जाएगी।