15 August पर OTT का बड़ा धमाका, कंगना-शाहिद समेत ये 5 फिल्में घर बैठे करेंगी मनोरंजन

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की ‘कॉकटेल 2’ सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। फिल्म 19 जून 2026 को थिएटर में रिलीज हुई थी। अब 14 अगस्त से इसे नेटफ्लिक्स पर घर बैठे देखा जा सकेगा। स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड में यह फैमिली के साथ देखने का एक विकल्प हो सकती है।

कंगना की फिल्म अब OTT पर आएगी

कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ भी 14 अगस्त को ओटीटी पर दस्तक देगी। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले काफी चर्चा थी, लेकिन सिनेमाघरों में इसे उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं मिले। अब मेकर्स इसे ओटीटी के जरिए ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी में हैं। कंगना की यह फिल्म ZEE5 पर स्ट्रीम होगी और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इसे घर बैठे देखा जा सकता है।

संजय दत्त की ‘आखिरी सवाल’ भी रिलीज

संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ भी इस वीकेंड ओटीटी पर आ रही है। थिएटर में फिल्म को खास सफलता नहीं मिली थी। फिल्म की कहानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़े घटनाक्रम को केंद्र में रखती है। इसमें नमाशी चक्रवर्ती भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। 14 अगस्त से फिल्म को Lionsgate Play पर स्ट्रीम किया जा सकेगा।

तेलुगु फिल्म में मिलेगा रोमांस और कॉमेडी

तेलुगु फिल्म ‘मिस्टर वर्क फ्रॉम होम’ भी 14 अगस्त को ओटीटी पर रिलीज होगी। कहानी अरविंद नाम के एक युवा कॉर्पोरेट प्रोफेशनल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मानता है कि घर से काम करना ही सफलता का सबसे अच्छा तरीका है। फिल्म में रोमांस और कॉमेडी के साथ कॉर्पोरेट लाइफ का मजेदार अंदाज देखने को मिलेगा। इसे Sun NXT पर देखा जा सकेगा।

हॉरर पसंद है तो ‘आरूपी’ देखें

मलयालम फिल्म ‘आरूपी’ हॉरर और थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए है। अभिलाष वारियर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक बदला लेने वाली यक्षिणी की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में वैशाख रवि, नेहा चावला, जॉय मैथ्यू और दूसरे कलाकार नजर आएंगे। यह सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर 14 अगस्त को Prime Video पर रिलीज होगी।

15 अगस्त पर घर बैठे मनोरंजन

इस बार स्वतंत्रता दिवस का वीकेंड फिल्मों के शौकीनों के लिए काफी खास रहने वाला है। एक तरफ ‘कॉकटेल 2’ जैसी बड़ी हिंदी फिल्म है, तो दूसरी तरफ कंगना रनौत और संजय दत्त की फिल्में भी ओटीटी पर आ रही हैं। वहीं साउथ सिनेमा में ‘मिस्टर वर्क फ्रॉम होम’ और ‘आरूपी’ जैसे विकल्प मिलेंगे। यानी थिएटर जाने के बजाय घर पर ही अलग-अलग जॉनर की फिल्में देखने का पूरा मौका रहेगा।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post