भारत इस साल अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इस बार समारोह का मुख्य फोकस युवा शक्ति और 2047 तक विकसित भारत बनाने की यात्रा पर रहेगा। कार्यक्रम में देश की उपलब्धियों के साथ युवाओं की भूमिका को भी खास तौर पर दिखाया जाएगा।
वंदे मातरम् का पहली बार सामूहिक गायन
इस साल वंदे मातरम् के 150 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं। इसी मौके पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम् का सामूहिक गायन होगा। लाल किले की प्राचीर के दोनों तरफ फूलों की सजावट में भी वंदे मातरम् की थीम दिखाई देगी। ज्ञान पथ पर NCC और मेरा युवा भारत के करीब 2500 छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवक वंदे मातरम् की आकृति बनाएंगे।
समारोह में दिखेगी देश की युवा प्रतिभा
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद NCC कैडेट और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक वंदे मातरम् का गायन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान होगा। वंदे मातरम् के दौरान सभी लोगों से सावधान की मुद्रा में खड़े रहने को कहा जाएगा। भारतीय वायुसेना का हेलिकॉप्टर बैनर लेकर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा और मौजूद लोगों पर पुष्पवर्षा करेगा। 2026 के अंतरराष्ट्रीय फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथेमेटिक्स ओलंपियाड के 19 पदक विजेता छात्रों को भी विशेष अतिथि बनाया गया है।
343 जगहों पर बैंड प्रदर्शन होंगे
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 8 से 15 अगस्त तक देशभर में विशेष बैंड प्रदर्शन होंगे। सेना, नौसेना, वायुसेना, भारतीय तटरक्षक, NCC और कई केंद्रीय सुरक्षा बलों के बैंड 343 प्रमुख स्थानों पर प्रस्तुति देंगे। समारोह में युवा इनोवेटर्स, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के इंटर्न, स्टार्टअप्स, PM कौशल विकास योजना से प्रशिक्षित युवाओं और MY Bharat Volunteers को भी विशेष अतिथि के तौर पर बुलाया गया है।
विकसित भारत की उपलब्धियों की झलक
समारोह में भारत की न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी, स्पेस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हुई प्रगति दिखाई जाएगी। सजावट और बैकड्रॉप के जरिए 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को सामने रखा जाएगा। इस यात्रा में योगदान देने वाले लोगों को विशेष सम्मान मिलेगा। इनमें महिला उद्यमी, PMAY(U) के लाभार्थी, वैज्ञानिक, इनोवेटर्स, भारत टैक्सी के सारथी, PM सूर्य घर के लाभार्थी, PM विश्वकर्मा के कारीगर और किसान शामिल हैं।
मेहमानों के लिए सुविधाओं का भी इंतजाम
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह के बैठने वाले एनक्लोजर भारत की प्रमुख झीलों के नाम पर होंगे। दिल्ली मेट्रो 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से चलेगी और आमंत्रित लोगों के लिए मुफ्त रहेगी। आगंतुकों की मदद के लिए MY Bharat और NCC के करीब 200 स्वयंसेवक तैनात होंगे। जरूरतमंद लोगों के लिए व्हीलचेयर, क्लोक रूम, पानी, शौचालय और रेन पोंचो की सुविधा होगी। पार्किंग की जानकारी Google Maps और Mappls पर उपलब्ध रहेगी और रास्तों पर पर्याप्त साइनेज लगाए जाएंगे।