Commonwealth Games में भारत का ऐतिहासिक धमाका, अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने जूडो में जीत लिए दो गोल्ड मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने जूडो में नया इतिहास रच दिया। पहले अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीता, फिर हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पहली बार भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में दो गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की।

अस्मिता डे का शानदार सफर

अस्मिता डे ने क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड की ईवा इविंग को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में समर शॉ को मात दी। फाइनल में उन्होंने कनाडा की हेइडी क्वैच को गोल्डन स्कोर में हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। इस जीत के साथ वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जूडो में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं।

एथलेटिक्स से जूडो तक का सफर

त्रिपुरा के बेलोनिया की रहने वाली अस्मिता डे पहले 800 मीटर दौड़ की एथलीट थीं। बाद में जिला स्तर के ट्रायल के दौरान उनकी रुचि जूडो में बढ़ी और उन्होंने इसी खेल को अपना करियर बना लिया। भोपाल के SAI रीजनल सेंटर में ट्रेनिंग लेने वाली अस्मिता TOPS डेवलपमेंट ग्रुप का भी हिस्सा हैं। इससे पहले वह कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीत चुकी हैं।

हर्ष सिंह ने भी जीता गोल्ड

अस्मिता की जीत के कुछ ही समय बाद हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज को 10-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ हर्ष कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो का गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए।

हर्ष का दमदार प्रदर्शन

हर्ष सिंह ने राउंड ऑफ-16 से लेकर फाइनल तक सभी मुकाबलों में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने पहले चिकोंडी काथेवेरा, फिर एलन मोंटौएल और सेमीफाइनल में पेड्रो कार्लोस अंटुन नेटॉ को हराकर फाइनल में जगह बनाई। घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई थी।

मेडल तालिका में भारत की बढ़त

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है। अब तक भारत 4 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज समेत कुल 18 पदक जीत चुका है। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम पदक तालिका में नौवें स्थान पर है। जूडो में मिले दो स्वर्ण पदकों ने देश के अभियान को नई मजबूती दी है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post