इंग्लैंड दौरे पर भारतीय महिला टीम को टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशा हाथ लगी। लेकिन लॉर्ड्स में खेले जा रहे महिला टेस्ट मैच में युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। 22 साल की इस पेसर ने अपनी घातक गेंदबाजी से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया और इतिहास रच दिया।
अकेले झटके पांच विकेट
पहले दिन भारत ने 285 रन बनाए थे और इंग्लैंड ने 22 रन पर एक विकेट गंवाया था। दूसरे दिन क्रांति गौड़ ने और भी खतरनाक गेंदबाजी की। उन्होंने पहले सेशन में दो बड़े विकेट लिए और बाद में इंग्लैंड की पारी के आखिरी दौर में भी दो बल्लेबाजों को आउट किया। लॉरेन बेल का विकेट लेते ही उन्होंने अपनी पारी में पांच विकेट पूरे कर लिए।
साझेदारी तोड़ी, मैच पलटा
इंग्लैंड की कप्तान नैट सिवर-ब्रंट और विकेटकीपर एमी जोंस ने 84 रन की अहम साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। जोंस ने 52 रन बनाए, जबकि सिवर-ब्रंट ने 44 रन जोड़े। इसके बाद स्नेह राणा ने इस साझेदारी को तोड़ा और फिर भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखेर दी। अगले पांच विकेट सिर्फ 40 रन के भीतर गिर गए।
लॉर्ड्स में बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड
क्रांति गौड़ लॉर्ड्स के मैदान पर महिला टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में पांच विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बन गई हैं। यह उपलब्धि उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गई। इतना ही नहीं, उन्होंने भारत की महान तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया और टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाली सबसे युवा भारतीय महिला गेंदबाज बन गईं।
झूलन का रिकॉर्ड भी टूटा
क्रांति गौड़ ने 22 साल और 333 दिन की उम्र में यह कारनामा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड झूलन गोस्वामी के नाम था, जिन्होंने 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ 22 साल और 361 दिन की उम्र में पहली बार टेस्ट मैच में पांच विकेट लिए थे। कम उम्र में इस उपलब्धि ने क्रांति को भारतीय महिला क्रिकेट का नया उभरता सितारा बना दिया है।
भारत को मिली मजबूत बढ़त
क्रांति गौड़ की शानदार गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड की पूरी टीम 170 रन पर सिमट गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 115 रन की अहम बढ़त मिली। क्रांति ने पांच विकेट लिए, जबकि स्नेह राणा और सयाली सतघरे को दो-दो विकेट मिले। दीप्ति शर्मा ने एक बल्लेबाज को आउट किया। अब भारतीय टीम इस बढ़त का फायदा उठाकर मैच पर पूरी तरह पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी।