साउथ सुपरस्टार थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। यूके में फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ एक घंटे के भीतर ही फिल्म के हजारों टिकट बिक गए। इससे साफ है कि विजय के फैंस उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
रिलीज डेट पर मिला बड़ा संकेत
फिल्म की अंतिम रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन एडवांस बुकिंग के शानदार रिस्पॉन्स ने बड़ा संकेत दे दिया है। माना जा रहा है कि फिल्म अपनी संभावित रिलीज डेट 24 जुलाई पर ही सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। आधिकारिक घोषणा भी जल्द होने की उम्मीद है।
आखिरी फिल्म को लेकर बढ़ा उत्साह
‘जन नायकन’ को थलपति विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। ऐसे में दुनियाभर के फैंस इसे बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि फैंस अपने पसंदीदा स्टार को खास विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में सिनेमाघरों का रुख करेंगे, जिसका फायदा बॉक्स ऑफिस पर भी देखने को मिल सकता है।
हिंदी में आएगी ‘जन नेता’
यह फिल्म हिंदी में ‘जन नेता’ नाम से रिलीज होगी। हाल ही में फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की ओर से ‘A’ सर्टिफिकेट मिला है। अब भारत में भी जल्द एडवांस बुकिंग शुरू होने और रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है, ताकि फिल्म को मजबूत ओपनिंग मिल सके।
सात महीने बाद पूरी हुई तैयारी
‘जन नायकन’ पहले जनवरी 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कई कारणों से इसकी रिलीज टल गई। इस दौरान फिल्म को कई कट्स और सीबीएफसी की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। लंबे इंतजार के बाद अब फिल्म रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
दमदार स्टारकास्ट से बढ़ीं उम्मीदें
फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है। इसमें थलपति विजय के साथ प्रकाश राज, वासुदेव मेनन, पूजा हेगड़े, प्रियामणि और ममिथा बैजू अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल फिल्म में मुख्य विलेन बने हैं। दमदार स्टारकास्ट और शानदार एडवांस बुकिंग को देखते हुए फिल्म से बड़ी ओपनिंग की उम्मीद की जा रही है।