राघव जुयाल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म में उनके साथ पहली बार निहारिका एनएम लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आएंगी। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए निहारिका बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। सोशल मीडिया पर पहले से ही लोकप्रिय निहारिका को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।
कौन हैं निहारिका एनएम?
निहारिका एनएम का जन्म 4 जुलाई 1997 को बेंगलुरु में हुआ था। उन्होंने अमेरिका की कैलिफोर्निया स्थित चैपमैन यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है। निहारिका एक मशहूर डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपने मजेदार और रिलेटेबल कॉमेडी वीडियो के जरिए लाखों लोगों का दिल जीता है और आज उनकी गिनती देश की सबसे लोकप्रिय डिजिटल क्रिएटर्स में होती है।
इंटरनेशनल स्तर पर भी पहचान
निहारिका ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। वह पहली भारतीय डिजिटल क्रिएटर हैं, जिन्होंने नेटफ्लिक्स की चर्चित एनिमेटेड सीरीज ‘बिग माउथ’ में गेस्ट अपीयरेंस की। इस दौरान उन्होंने इंटरनेशनल कलाकारों मेगन थे स्टैलियन और जॉर्डन पील जैसे बड़े नामों के साथ काम किया। इसके अलावा उनके वीडियो में टॉम क्रूज, प्रियंका चोपड़ा, आमिर खान, रणबीर कपूर, विजय देवरकोंडा, यश और महेश बाबू जैसे सितारे भी नजर आ चुके हैं।
कई बड़े सम्मान भी मिले
निहारिका एनएम को उनके डिजिटल कंटेंट के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। साल 2022 में उन्हें कान्स फिल्म फेस्टिवल में ‘यूथ आइकन-एंटरटेनर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड मिला। इसी साल उनका नाम फोर्ब्स एशिया की 30 अंडर 30 सूची में शामिल हुआ। वहीं, 2023 में उन्हें फोर्ब्स की 100 डिजिटल स्टार्स लिस्ट में भी जगह मिली। सोशल मीडिया पर भी उनकी मजबूत पकड़ है और इंस्टाग्राम पर उन्हें 34 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
साउथ फिल्मों से की शुरुआत
बॉलीवुड में आने से पहले निहारिका अभिनय की दुनिया में कदम रख चुकी हैं। उन्होंने साल 2025 में तमिल फिल्म ‘पेरुसु’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इसके बाद तेलुगु कॉमेडी फिल्म ‘मित्रा मंडली’ में भी नजर आईं। इसके अलावा वह ‘कॉफी विद करण’ सीजन 7 के जूरी एपिसोड में भी दिखाई दे चुकी हैं। अब उनकी नजर बॉलीवुड में अपनी नई पहचान बनाने पर है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
राघव जुयाल और निहारिका एनएम की फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन विवेक बी अग्रवाल ने किया है, जबकि इसकी कहानी विवेक बी अग्रवाल और सुदीप्तो सरकार ने मिलकर लिखी है। फिल्म को अवंतिका हरी, सुनील रूपाणी और विवेक बी अग्रवाल ने प्रोड्यूस किया है। दर्शकों को उम्मीद है कि यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म मनोरंजन का भरपूर डोज लेकर आएगी।