India में ली आखिरी सांस, जन्मदिन से पहले दुनिया छोड़ गए अफगानिस्तान के पूर्व स्टार गेंदबाज शापूर जादरान

अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान का 7 जुलाई को 38 साल की उम्र में निधन हो गया। 8 जुलाई को वह अपना 39वां जन्मदिन मनाने वाले थे, लेकिन इस दिन उनका पार्थिव शरीर काबुल पहुंचा। इस खबर से क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

भारत में चल रहा था इलाज

शापूर जादरान लंबे समय से इम्यून सिस्टम से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज दिल्ली-एनसीआर के एक अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान ही उन्होंने भारत में अंतिम सांस ली। बीमारी से उनकी लंबी लड़ाई का दुखद अंत पूरे अफगानिस्तान के लिए भावुक पल बन गया।

काबुल एयरपोर्ट पर भावुक माहौल

जादरान का पार्थिव शरीर अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पहुंचने पर माहौल बेहद गमगीन दिखा। एयरपोर्ट पर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के अधिकारी, मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी, परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। हर किसी की आंखें नम थीं।

ऐसे होगी आखिरी विदाई

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि 9 जुलाई को सुबह 10 बजे काबुल की ऐतिहासिक ईदगाह मस्जिद में उनकी जनाजे की नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद उन्हें मरंजन हिल स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। देशभर के क्रिकेट प्रेमी उन्हें अंतिम विदाई देंगे।

भारत के खिलाफ यादगार प्रदर्शन

शापूर जादरान अपनी तेज गेंदबाजी और लंबे बालों की अलग पहचान के लिए मशहूर थे। उन्होंने भारत के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया था। खासकर गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को आउट कर उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उनका जुझारू अंदाज आज भी क्रिकेट प्रशंसकों को याद है।

अफगान क्रिकेट के शुरुआती सितारे

शापूर जादरान अफगानिस्तान क्रिकेट के उन खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्होंने टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 44 वनडे मैचों में 43 विकेट और 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 37 विकेट लिए। वह 2015 आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा रहे और अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post