ज्योतिष शास्त्र में शंख योग को बेहद शुभ योग माना गया है। यह कोई राजयोग नहीं है, लेकिन इसका प्रभाव किसी बड़े शुभ योग से कम नहीं माना जाता। कहा जाता है कि जिस व्यक्ति की कुंडली में यह योग बनता है, वह जीवन की मुश्किल परिस्थितियों से घबराता नहीं, बल्कि उनका डटकर सामना करता है। यह योग व्यक्ति को सम्मान, ज्ञान और समाज में अच्छी पहचान दिलाने में मदद करता है।
कैसे बनता है शंख योग?
ज्योतिष के अनुसार, जब जन्म कुंडली में पांचवें और छठे भाव के स्वामी आपस में केंद्र संबंध में हों या दोनों एक साथ केंद्र या त्रिकोण में बैठे हों और लग्नेश मजबूत हो, तब शंख योग का निर्माण होता है। इसके अलावा, अगर लग्नेश और दशम भाव का स्वामी मेष, कर्क, तुला या मकर राशि में हों और नवम भाव का स्वामी बलवान हो, तब भी यह योग बन सकता है।
मजबूत लग्नेश होना जरूरी
शंख योग बनने के लिए केवल ग्रहों की विशेष स्थिति ही काफी नहीं होती। इसके लिए यह भी जरूरी है कि कुंडली का लग्नेश मजबूत हो। साथ ही, उस पर किसी पाप ग्रह का बुरा प्रभाव नहीं होना चाहिए और वह नीच राशि में भी नहीं होना चाहिए। अगर ये शर्तें पूरी नहीं होतीं तो शंख योग का पूरा लाभ नहीं मिल पाता।
जीवन में क्या बदलाव लाता है?
कुंडली में शंख योग बनने पर व्यक्ति को उच्च शिक्षा, ज्ञान और समझ हासिल करने में मदद मिलती है। ऐसे लोग धार्मिक और नैतिक मूल्यों का सम्मान करते हैं। इन्हें समाज में सम्मान और प्रतिष्ठा मिलती है और ये अपने व्यवहार से दूसरों को प्रभावित करने में सफल रहते हैं।
करियर और आर्थिक स्थिति पर असर
शंख योग वाले लोगों को प्रशासन, प्रबंधन और नेतृत्व से जुड़े क्षेत्रों में सफलता मिलने की संभावना अधिक रहती है। इनकी वाणी मधुर होती है और व्यक्तित्व प्रभावशाली होता है। यह योग आर्थिक स्थिरता और धीरे-धीरे जीवन में तरक्की का रास्ता खोलता है। ऐसे लोग अनुशासित, न्यायप्रिय और समाज सेवा में रुचि रखने वाले माने जाते हैं।
कमजोर ग्रह बिगाड़ सकते हैं फल
ज्योतिष मान्यता के अनुसार, अगर शंख योग बनाने वाले ग्रह कमजोर हों, नीच राशि में बैठे हों या पाप ग्रहों से प्रभावित हों, तो इस योग का पूरा शुभ फल नहीं मिलता। ऐसे में व्यक्ति को सफलता मिलने में देरी हो सकती है या अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाते। इसलिए किसी भी योग का सही फल ग्रहों की संपूर्ण स्थिति पर निर्भर करता है।