एक समय अपने अनोखे डांस स्टाइल और मजेदार अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले राघव जुयाल अब बड़े पर्दे पर पूरी तरह बदल चुके हैं। पिछले कुछ सालों में उन्होंने यह साबित किया है कि वह सिर्फ शानदार डांसर ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन अभिनेता भी हैं। अब उनकी नई फिल्म ‘द पैराडाइज’ से सामने आया लुक चर्चा का विषय बन गया है।
‘द पैराडाइज’ में निभाएंगे विक्रम मालिक का किरदार
साउथ स्टार नानी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘द पैराडाइज’ में राघव जुयाल ‘विक्रम मालिक’ नाम के दमदार किरदार में नजर आने वाले हैं। मेकर्स ने हाल ही में उनका पहला लुक और कैरेक्टर वीडियो रिलीज किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
वीडियो में दिखा खतरनाक अंदाज
फिल्म के मेकर्स ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘लंबे इंतजार के बाद पेश है विक्रम मालिक। मैं आ रहा हूं।’ वीडियो में राघव का अंदाज काफी अलग और डरावना दिखाई दे रहा है। उनके चेहरे के एक्सप्रेशन, बॉडी लैंग्वेज और लुक ने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है।
रॉ और इंटेंस दिखा नया लुक
सामने आए वीडियो में राघव बेहद रॉ, इंटेंस और खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले नानी के साथ सुपरहिट फिल्म ‘दसरा’ बनाई थी। यही वजह है कि ‘द पैराडाइज’ को लेकर पहले से ही काफी बज बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर मिल रहा जबरदस्त प्यार
राघव के इस ट्रांसफॉर्मेशन को देखकर सोशल मीडिया पर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि फिल्म ‘किल’ में दमदार निगेटिव किरदार निभाने के बाद अब वह एक बार फिर खतरनाक भूमिका में छाने वाले हैं। कुछ यूजर्स ने तो यह भी कहा कि उनका लुक देखकर ही फिल्म के बड़े स्तर का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आठ भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
बताया जा रहा है कि ‘द पैराडाइज’ एक बड़े पैमाने पर बनाई जा रही पैन इंडिया फिल्म है। इसमें नानी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे और कहानी एक संघर्षशील समुदाय और उसके अधिकारों की लड़ाई पर आधारित है। खास बात यह है कि यह फिल्म आठ भाषाओं में रिलीज की जाएगी, जिससे देशभर के दर्शकों तक इसकी पहुंच और भी बड़ी हो जाएगी।