Youth Mental Health: हर दिन 42 मौतें दे रहीं चेतावनी, बढ़ता मानसिक तनाव बना बड़ा खतरा, युवाओं में गहराया संकट

भारत में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसका असर हाल के वर्षों में और ज्यादा देखने को मिला है। वर्ष 2024 के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में 15,491 लोगों ने आत्महत्या की, यानी औसतन हर दिन 42 लोगों ने अपनी जान गंवाई। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह सिर्फ सामाजिक समस्या नहीं, बल्कि गंभीर मानसिक स्वास्थ्य संकट का संकेत है, जिस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।

युवाओं में बढ़ रहा दबाव

विशेषज्ञों के अनुसार छात्रों और युवाओं पर बढ़ता शैक्षणिक और करियर का दबाव इस समस्या का बड़ा कारण है। प्रतियोगी परीक्षाएं, भविष्य की चिंता और परिवार की अपेक्षाएं कई युवाओं को मानसिक तनाव की ओर धकेल रही हैं। मध्य प्रदेश छात्र आत्महत्या के मामलों में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल है। खास बात यह है कि छात्राओं के मामले छात्रों से भी अधिक सामने आए हैं, जो बढ़ती मानसिक चुनौतियों की ओर इशारा करते हैं।

इन संकेतों को नजरअंदाज न करें

मानसिक तनाव और डिप्रेशन के कई शुरुआती संकेत होते हैं, जिन्हें समय रहते पहचानना जरूरी है। अगर कोई व्यक्ति बार-बार मौत की बातें करे, खुद को बेकार समझे, लोगों से दूरी बनाने लगे, लगातार चिंता में रहे या अपनी पसंदीदा चीजें दूसरों को देने लगे, तो इसे गंभीर चेतावनी माना जाना चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे समय में परिवार और दोस्तों का सहयोग और पेशेवर मदद किसी की जिंदगी बचा सकती है।

जागरूकता और मदद है जरूरी

मेंटल हेल्थ को बेहतर बनाने के लिए अच्छी नींद, नियमित व्यायाम, संतुलित जीवनशैली और अपनों से खुलकर बातचीत बेहद जरूरी है। विशेषज्ञ मानते हैं कि स्कूलों, कॉलेजों और छोटे शहरों तक काउंसलिंग सेवाएं पहुंचाई जानी चाहिए। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने की भी जरूरत है, ताकि लोग बिना झिझक मदद ले सकें और समय रहते गंभीर समस्याओं से बाहर निकल सकें।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post