बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों का क्लैश कोई नई बात नहीं है, लेकिन अगस्त 2026 में दर्शकों को दो बड़े मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। बॉलीवुड के चार चर्चित सितारे अपनी-अपनी फिल्में लेकर आ रहे हैं और दिलचस्प बात यह है कि उनकी फिल्मों की रिलीज डेट एक-दूसरे से टकरा रही है। इससे बॉक्स ऑफिस पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
सनी और इमरान आमने-सामने
14 अगस्त को सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म को आमिर खान ने प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा भी नजर आएंगी। इसी दिन इमरान हाशमी की चर्चित फिल्म ‘आवारापन’ के सीक्वल ‘आवारापन 2’ की भी रिलीज तय है। ऐसे में दोनों स्टार्स की फिल्मों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।
श्रद्धा और सिद्धार्थ की भिड़ंत
पहले क्लैश के दो हफ्ते बाद 28 अगस्त को एक और बड़ा मुकाबला होगा। इस दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ रिलीज होगी, जो मशहूर लावणी डांसर विठाबाई के जीवन पर आधारित बायोपिक है। इसी तारीख पर सिद्धार्थ मल्होत्रा की माइथोलॉजिकल-थ्रिलर फिल्म ‘Vvan’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में सिद्धार्थ के साथ तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। दोनों फिल्मों की कहानी और शैली बिल्कुल अलग होने के कारण दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
किसके नाम होगी बॉक्स ऑफिस बाजी
फिल्म प्रेमियों के लिए अगस्त का महीना काफी रोमांचक रहने वाला है। एक तरफ सनी देओल और इमरान हाशमी की फिल्मों की टक्कर होगी, तो दूसरी तरफ श्रद्धा कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा बॉक्स ऑफिस पर आमने-सामने होंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दर्शकों का ज्यादा प्यार किस फिल्म को मिलेगा और कौन सी फिल्म कमाई के मामले में बाजी मारेगी। रिलीज के बाद ही इन दोनों बड़े क्लैश का असली विजेता सामने आएगा।