Vijay Sethupathi का खतरनाक एक्शन अवतार देख दंग रह जाएंगे फैंस, ‘स्लमडॉग: 33 टेंपल रोड’ का टीजर रिलीज

साउथ सिनेमा के चर्चित निर्देशक पुरी जगन्नाथ अपनी नई एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘स्लमडॉग: 33 टेंपल रोड’ लेकर आ रहे हैं। फिल्म में मुख्य भूमिका में विजय सेतुपति नजर आएंगे। 8 जून की शाम मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज किया, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। टीजर में शुरुआत से ही सस्पेंस और एक्शन का जबरदस्त माहौल देखने को मिलता है।

विजय का दिखा खतरनाक एक्शन

टीजर की शुरुआत विजय सेतुपति के दमदार डायलॉग से होती है, जिसके बाद उनका जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिलता है। वीडियो में उन्हें कई दमदार सीन्स में दिखाया गया है, जो फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ाते हैं। हालांकि टीजर से कहानी का ज्यादा खुलासा नहीं होता, लेकिन इतना जरूर साफ है कि फिल्म में भरपूर एक्शन, ड्रामा और थ्रिल देखने को मिलने वाला है। विजय का नया अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।

तब्बू भी निभाएंगी अहम भूमिका

फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री तब्बू भी अहम किरदार में नजर आएंगी। टीजर में उनकी झलक दिखाई गई है, जिसे देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि वह फिल्म में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा सकती हैं। विजय और तब्बू की जोड़ी को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर फैंस दोनों कलाकारों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

पांच भाषाओं में होगी रिलीज

‘स्लमडॉग: 33 टेंपल रोड’ एक तेलुगु फिल्म है, लेकिन इसे बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म तेलुगु के अलावा हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि मेकर्स ने अभी तक इसकी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। टीजर के अंत में सिर्फ इतना बताया गया है कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ऐसे में अब फैंस इसकी रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post