गर्मी के मौसम में आम सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फलों में शामिल है। आम से जूस, शेक और आमरस जैसी कई स्वादिष्ट चीजें बनाई जाती हैं। लेकिन हाल ही में गुजरात के मेहसाणा में सड़े, फफूंद लगे और कीड़ों से प्रभावित आमों की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। ये आम जूस बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले थे, जिसके बाद स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कीड़ा दिखे तो समझें खतरे का संकेत
कई लोग सोचते हैं कि फल में सिर्फ कीड़ा होना ही समस्या है, लेकिन असली खतरा इससे कहीं बड़ा हो सकता है। किसी फल में कीड़े मिलना अक्सर इस बात का संकेत होता है कि वह खराब हो चुका है या उसे सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया। जब फल सड़ने लगता है, तो उसके अंदर बैक्टीरिया, फंगस और दूसरे हानिकारक सूक्ष्मजीव तेजी से बढ़ने लगते हैं, जो स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
जूस पीने से हो सकती हैं ये दिक्कतें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, खराब या संक्रमित आमों का जूस पीने से फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे फलों के जरिए शरीर में हानिकारक बैक्टीरिया और विषैले तत्व पहुंच सकते हैं। इसके कारण कुछ ही घंटों में मतली, उल्टी, दस्त, पेट दर्द, गैस, कमजोरी और बेचैनी जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं। शरीर इन हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने की कोशिश करता है, इसलिए ऐसे लक्षण दिखाई देते हैं।
फफूंद भी बन सकती है बड़ा खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ कीड़े ही नहीं, बल्कि सड़े हुए फलों पर उगने वाली फफूंद भी खतरनाक हो सकती है। कई बार फफूंद माइकोटॉक्सिन नामक जहरीले पदार्थ पैदा करती है, जो शरीर पर बुरा असर डाल सकते हैं। इसलिए जूस, शेक या अन्य खाद्य पदार्थ बनाते समय हमेशा ताजे और अच्छी गुणवत्ता वाले आमों का ही इस्तेमाल करें। किसी भी फल में सड़न, बदबू, काले धब्बे या कीड़ों के निशान दिखाई दें तो उसे खाने से बचना ही बेहतर है।