गुजरात के सूरत जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। बारडोली के पास धुलिया हाईवे पर गुजरात स्टेट ट्रांसपोर्ट (एसटी) और महाराष्ट्र स्टेट ट्रांसपोर्ट की बस के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुजरात एसटी की बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा उवा और मानेकपुर गांव के बीच हुआ, जहां कुछ ही सेकंड में सामान्य सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।
पलटते ही बस में लगी आग
हादसे के बाद हालात और भी भयावह हो गए जब पलटी हुई बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के साथ धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों के जिंदा जलने की आशंका जताई गई है।
बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में घायल हुए यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
सूरत बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी संदेश में हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई। पीएम ने कहा कि बचाव कार्य जारी है और स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।