राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार पारी खेलते हुए आईपीएल 2026 में नया इतिहास रच दिया। वैभव आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने एक सीजन में पावरप्ले के दौरान 500 से ज्यादा रन बना दिए। उन्होंने अब तक पावरप्ले में 521 रन ठोक दिए हैं और इस मामले में डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को भी पीछे छोड़ दिया है।
छक्कों की बारिश से तहलका
वैभव सूर्यवंशी सिर्फ रन ही नहीं बना रहे, बल्कि ताबड़तोड़ अंदाज में गेंदबाजों पर हमला भी कर रहे हैं। इस सीजन उन्होंने पावरप्ले में ही 60 छक्के लगा दिए हैं। इस रिकॉर्ड के साथ वह संजू सैमसन, वीरेंद्र सहवाग और मिचेल मार्श जैसे बड़े खिलाड़ियों से आगे निकल चुके हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने राजस्थान रॉयल्स को कई मैचों में तेज शुरुआत दिलाई है।
700 रन पूरे कर रचा इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 700 रन भी पूरे कर लिए हैं। वह आईपीएल इतिहास के पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने एक सीजन में 700 रन का आंकड़ा छुआ। इससे पहले यशस्वी जायसवाल के नाम 625 रन का रिकॉर्ड था। सबसे खास बात यह है कि वैभव ने सिर्फ 15 साल और 63 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की, जिससे वह आईपीएल में 700 रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।
सबसे धीमा अर्धशतक भी खास
गुजरात टाइटंस के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने 31 गेंदों में अर्धशतक लगाया। यह उनके आईपीएल करियर का सबसे धीमा फिफ्टी रहा। इससे पहले उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। मैच के दौरान उन्हें 46 रन पर जीवनदान भी मिला, जब साई सुदर्शन ने उनका कैच छोड़ दिया। इसके बाद वैभव ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए सीजन का अपना छठा 50+ स्कोर बना डाला।