Trump का बड़ा अल्टीमेटम: होर्मुज खोलो, परमाणु हथियार छोड़ो, वरना ईरान पर अमेरिका ले सकता है बड़ा फैसला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को साफ संदेश देते हुए कहा है कि अगर उसे तनाव खत्म करना है तो उसे कभी भी परमाणु हथियार न रखने की शर्त माननी होगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान को लेकर “अंतिम फैसला” ले सकता है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर सिचुएशन रूम में लगातार बैठकें चल रही हैं।

होर्मुज स्ट्रेट खोलने की मांग

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को तुरंत खोला जाना चाहिए ताकि जहाजों की आवाजाही बिना किसी रोक-टोक के हो सके। उन्होंने कहा कि किसी तरह का टोल या नेवल ब्लॉकेड नहीं होना चाहिए। ट्रंप के मुताबिक, इससे फंसे हुए जहाज अब सुरक्षित तरीके से वापस लौट सकेंगे।

समुद्री माइंस हटाने का दावा

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी नेवी ने समुद्र में बिछाई गई कई माइंस को अपने अंडरवाटर माइन स्वीपर्स की मदद से नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि बाकी बची माइंस को ईरान जल्द हटाएगा। ट्रंप ने इसे क्षेत्र में शांति बहाल करने की दिशा में जरूरी कदम बताया।

परमाणु सामग्री खत्म करने की योजना

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका, ईरान और इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी मिलकर उस एनरिच्ड परमाणु सामग्री को नष्ट करेंगे, जो कथित तौर पर अमेरिकी B2 बॉम्बर हमले के बाद जमीन के नीचे दब गई थी। उन्होंने इसे “न्यूक्लियर डस्ट” बताते हुए कहा कि इसे पूरी तरह खत्म किया जाएगा।

ईरान का सख्त जवाब

दूसरी ओर, ईरान की तरफ से भी सख्त प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ से जुड़े अकाउंट ने कहा कि ईरान बातचीत से नहीं बल्कि मिसाइलों की ताकत से रियायतें हासिल करता है। पोस्ट में साफ कहा गया कि ईरान सिर्फ बातों पर नहीं, बल्कि सामने वाले के एक्शन पर भरोसा करेगा।

तनाव के बीच बातचीत जारी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बताया कि उन्होंने ओमान के विदेश मंत्री से बातचीत की है और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के सीजफायर को लेकर बातचीत जरूर हुई थी, लेकिन अब तक किसी समझौते पर दोनों देशों की आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। ऐसे में आने वाले दिनों में मध्य पूर्व की स्थिति और ज्यादा संवेदनशील हो सकती है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post