IMDb पर छाए युधवीर अहलावत, शाहरुख-सलमान को छोड़ा पीछे, 14 साल के बच्चे का रोल निभाने वाला अभिनेता बना नंबर वन

फिल्मी दुनिया में हर हफ्ते कई सितारे सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार IMDb इंडिया की मोस्ट पॉपुलर स्टार लिस्ट ने सभी को चौंका दिया। आमतौर पर लोग शाहरुख खान, सलमान खान या बड़े सुपरस्टार्स का नाम सबसे ऊपर देखने की उम्मीद करते हैं, लेकिन इस बार 14 साल के बच्चे का किरदार निभाने वाले अभिनेता युधवीर अहलावत ने बाजी मार ली। उन्होंने कई बड़े सितारों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।

दिग्गज सितारों को छोड़ा पीछे

IMDb इंडिया हर हफ्ते उन कलाकारों की लिस्ट जारी करता है, जो सबसे ज्यादा चर्चा में रहते हैं। इस बार युधवीर अहलावत पहले नंबर पर रहे। उनके बाद थलपति विजय, ऐश्वर्या राय बच्चन, मोहनलाल और शाहरुख खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं। कम समय में मिली इस लोकप्रियता ने युधवीर को सोशल मीडिया और फिल्मी दुनिया में चर्चा का बड़ा चेहरा बना दिया है।

‘कर्तव्य’ से मिली नई पहचान

हाल ही में युधवीर अहलावत को सैफ अली खान की वेब सीरीज ‘कर्तव्य’ में देखा गया था। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। इसमें युधवीर ने 14 साल के बच्चे का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। दिलचस्प बात यह है कि असल जिंदगी में उनकी उम्र 33 साल है। IMDb लिस्ट में टॉप पर आने के बाद युधवीर ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि वह अभी भी इस पल को समझने की कोशिश कर रहे हैं।

थिएटर से फिल्मों तक सफर

युधवीर अहलावत लंबे समय तक थिएटर से जुड़े रहे हैं। उन्होंने मशहूर डायरेक्टर फिरोज अब्बास खान के बड़े प्ले ‘मुगल-ए-आजम: द म्यूजिकल’ में भी काम किया है। फिल्मों की बात करें तो उन्हें सबसे पहले ‘सांड की आंख’ में देखा गया था, जहां उन्होंने बच्चे का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह रणबीर कपूर की ‘शमशेरा’ और बॉबी देओल-विक्रांत मैसी की ‘लव हॉस्टल’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post