उत्तर प्रदेश में नौतपा के चौथे दिन मौसम ने अचानक करवट ले ली। गुरुवार सुबह से ही कई जिलों में तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में बादल छा गए। मौसम विभाग ने प्रदेश के 69 जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इनमें 24 जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
नोएडा-गाजियाबाद में बारिश
गुरुवार शाम नोएडा और गाजियाबाद में तेज आंधी के बाद बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि 31 मई तक प्रदेश में बारिश और तूफान का सिलसिला जारी रह सकता है।
गर्मी अभी भी बरपा रही कहर
मौसम बदलने के बावजूद गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। गुरुवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। प्रयागराज में लोग धूप और लू से बचने के लिए अलग-अलग उपाय करते नजर आए।
11 जिलों में हीटवेव अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। डॉक्टरों के मुताबिक, इस समय लू लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है। शरीर का तापमान अचानक बढ़ने पर हीटस्ट्रोक हो सकता है, जो गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके साथ दक्षिण बिहार के आसपास चक्रवाती हवाओं का असर भी बना हुआ है। इन दोनों सिस्टमों की वजह से उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बढ़ गई है। तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
IMD ने जारी किया अलर्ट
IMD ने 28 मई से 1 जून तक रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, बरेली, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।