‘Don 3’ विवाद में घिरे रणवीर सिंह, FWICE के सख्त फैसले पर बोले मनोज बाजपेयी- मामला जल्द सुलझे

फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ने के विवाद में अभिनेता रणवीर सिंह मुश्किलों में घिर गए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न एंड इंडियन सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन का फैसला लिया है। फिल्म इंडस्ट्री में इसे रणवीर पर एक तरह के अनौपचारिक बैन के रूप में देखा जा रहा है। यह फैसला तब तक लागू रहेगा, जब तक रणवीर FWICE के साथ बैठक कर मामले को सुलझाने की कोशिश नहीं करते।

मनोज बाजपेयी ने दी सुलह की सलाह

इस पूरे विवाद पर अब अभिनेता मनोज बाजपेयी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अपनी आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के ज्यादातर लोग इस मामले की जानकारी केवल सोशल मीडिया के जरिए ही हासिल कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष बातचीत के जरिए जल्द इस विवाद का समाधान निकाल लेंगे। मनोज ने कहा कि फिल्म बिरादरी के सदस्य होने के नाते वह चाहते हैं कि मामला सौहार्दपूर्ण तरीके से खत्म हो।

क्या है रणवीर और फरहान का विवाद?

विवाद की शुरुआत तब हुई जब फरहान अख्तर और उनकी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने दावा किया कि रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से करीब तीन हफ्ते पहले ‘डॉन 3’ छोड़ दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट की तीन फिल्मों के लिए करार किया था। फरहान का आरोप है कि अचानक फिल्म छोड़ने से उन्हें करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके बाद मामला FWICE तक पहुंचा और संगठन ने रणवीर को तीन बार नोटिस भी भेजा।

रणवीर की ओर से क्या कहा गया?

अब तक रणवीर सिंह ने इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि उन्होंने क्रिएटिव मतभेदों की वजह से ‘डॉन 3’ से दूरी बनाई। बताया गया कि रणवीर फिल्म की अंतिम स्क्रिप्ट और निर्देशक के विजन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने कुछ बदलाव सुझाए थे, लेकिन उन पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद मामला बढ़ता गया और आखिरकार उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post