Patidar का तूफान, गुजरात का बुरा हाल! RCB ने 92 रन से रौंदकर लगातार दूसरी बार IPL फाइनल में बनाई जगह

आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में गुजरात की टीम 162 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ बेंगलुरु लगातार दूसरी बार और आईपीएल इतिहास में पांचवीं बार फाइनल में पहुंच गई है। अब टीम के पास अपना खिताब बचाने का सुनहरा मौका है।

पाटीदार ने खेली कप्तानी पारी

RCB की जीत की नींव उसके बल्लेबाजों ने रखी। विराट कोहली ने 25 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 9 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 281 से ज्यादा का रहा। वहीं क्रुणाल पंड्या ने भी 43 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

गुजरात की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी

255 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। साई सुदर्शन 14 रन बनाकर हिट विकेट हो गए, जबकि कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन पर आउट हो गए। जॉस बटलर ने 29 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। राहुल तेवतिया ने अर्धशतक लगाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन हार टाल नहीं सके। RCB के लिए जैकब डफी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि रसिख सलाम डार और भुवनेश्वर कुमार ने 2-2 विकेट झटके।

कैच छूटे, मैच भी हाथ से निकला

गुजरात की हार की सबसे बड़ी वजह उसकी खराब फील्डिंग रही। टीम ने कई मिसफील्ड कीं और सबसे बड़ी गलती रजत पाटीदार को दो जीवनदान देकर की। जब पाटीदार 18 रन पर थे, तब उनका आसान कैच छोड़ दिया गया। कुछ ही गेंद बाद उन्हें दूसरा जीवनदान भी मिल गया। इसके बाद पाटीदार ने गुजरात को कोई मौका नहीं दिया और मैच को पूरी तरह RCB के पक्ष में मोड़ दिया। हालांकि गुजरात के पास अभी भी फाइनल में पहुंचने का मौका है और उसे दूसरे क्वालिफायर में एक और अवसर मिलेगा।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post