Italy यात्रा का वायरल पल, मोदी के ‘मेलोडी’ गिफ्ट से शेयर बाजार में मची हलचल, निवेशकों ने गलत पार्ले कंपनी खरीदकर बढ़ा दिए शेयर

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली दौरे के दौरान वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को खास भारतीय गिफ्ट दिया। उन्होंने मशहूर मेलोडी टॉफ़ी का पैकेट भेंट किया, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में टॉफ़ी के पैकेट पर साफ़ तौर पर “Parle” लिखा दिखाई दे रहा था। बस यहीं से शेयर बाजार में एक दिलचस्प कहानी शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर जैसे ही “पार्ले” नाम ट्रेंड होने लगा, वैसे ही कई निवेशकों ने शेयर बाजार में इस नाम की कंपनी खोजनी शुरू कर दी।

निवेशकों से हुई बड़ी गलती

जल्दबाजी में कई लोगों ने पार्ले इंडस्ट्रीज़ के शेयर खरीदने शुरू कर दिए। निवेशकों को लगा कि यही वही कंपनी है जो मेलोडी टॉफ़ी बनाती है। जबकि असली टॉफ़ी बनाने वाली कंपनी पार्ले प्रॉडक्ट्स है। यही कंपनी मेलोडी, पार्ले-जी और कई दूसरे मशहूर ब्रांड बनाती है। लेकिन बड़ा सच यह है कि पार्ले प्रॉडक्ट्स शेयर बाजार में लिस्टेड ही नहीं है। यानी आम निवेशक उसके शेयर खरीद ही नहीं सकते। इसी भ्रम में लोगों ने दूसरी कंपनी के शेयर उठा लिए।

शेयर में अचानक आई तेज़ी

निवेशकों की इस गलती का सीधा फायदा पार्ले इंडस्ट्रीज़ को मिल गया। कंपनी का कारोबार टॉफ़ी या बिस्किट से नहीं, बल्कि प्रॉपर्टी और रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़ा हुआ है। इसके बावजूद सिर्फ नाम की समानता के कारण कंपनी के शेयरों में भारी खरीदारी देखने को मिली। एक ही दिन में शेयर करीब 5 प्रतिशत तक उछल गया। वहीं पिछले एक हफ्ते में इसमें लगभग 7 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। बाजार के जानकारों का कहना है कि सोशल मीडिया ट्रेंड और नाम की पहचान कई बार छोटे शेयरों में अचानक हलचल पैदा कर देते हैं।

सोशल मीडिया का बाजार पर असर

यह मामला दिखाता है कि सोशल मीडिया और वायरल वीडियो अब शेयर बाजार को भी तेजी से प्रभावित कर रहे हैं। कई निवेशक बिना पूरी जानकारी जुटाए केवल नाम देखकर पैसा लगा देते हैं। इससे कई बार गलत कंपनी के शेयरों में भी अचानक उछाल आ जाता है। विशेषज्ञ हमेशा सलाह देते हैं कि किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसका कारोबार, लिस्टिंग स्टेटस और असली पहचान जरूर जांचनी चाहिए। इस मामले में मेलोडी टॉफ़ी की चर्चा ने एक ऐसी कंपनी को फायदा पहुंचा दिया जिसका उस टॉफ़ी से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं था।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post