MS धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता आईपीएल इतिहास की सबसे सफल साझेदारियों में गिना जाता है। लेकिन अब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं, जिन्होंने फैंस को हैरान कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक IPL 2026 के बाद धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का साथ खत्म हो सकता है। हालांकि इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन क्रिकेट जगत में इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।
दूसरी टीम से खेल सकते हैं धोनी
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगर धोनी अगले सीजन में खेलते हैं, तो वह किसी दूसरी फ्रेंचाइजी की जर्सी में नजर आ सकते हैं। IPL 2026 में उन्होंने एक भी मुकाबला नहीं खेला, हालांकि टीम के आखिरी होम मैच में वह खिलाड़ियों के साथ दिखाई दिए थे। पहले माना जा रहा था कि उनकी फिटनेस और पिंडली की चोट इसकी वजह है, लेकिन अब कहा जा रहा है कि मामला सिर्फ चोट तक सीमित नहीं है। टीम की रणनीति और भविष्य की योजनाएं भी इसके पीछे बड़ा कारण बन रही हैं।
मैनेजमेंट से बढ़े मतभेद
रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले दो सालों में धोनी और टीम मैनेजमेंट के बीच कई मुद्दों पर मतभेद बढ़े हैं। खासकर खिलाड़ियों के ट्रांसफर और टीम से जुड़े अहम फैसलों को लेकर धोनी खुश नहीं बताए जा रहे। दावा है कि फ्रेंचाइजी ने कई बड़े फैसले उनसे चर्चा किए बिना लिए। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स अब युवा खिलाड़ियों के साथ नई टीम तैयार करने पर ज्यादा ध्यान दे रही है। इसी वजह से दोनों पक्षों के रिश्तों में दूरी बढ़ने की बात कही जा रही है।
CSK को दिलाए पांच खिताब
धोनी साल 2008 से चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने सिर्फ दो सीजन दूसरी टीम के लिए खेले थे, जब CSK लीग से बाहर थी। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 बार IPL ट्रॉफी जीती और 2 बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी अपने नाम किया। ऐसे में अगर भविष्य में धोनी किसी दूसरी टीम की जर्सी में नजर आते हैं, तो यह करोड़ों क्रिकेट फैंस के लिए बेहद भावुक पल होगा।